दीपक कुमार श्रीवास्तव-
कछौना (हरदोई)। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के चलते सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन और सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए रविवार को नगर कछौना में करणी सेना के पदाधिकारियों की बैठक आहूत हुई। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में आहूत हुई बैठक में पदाधिकारियों को संगठन से जुड़ी जिम्मेदारियों व कोरोना आपदा काल में स्वयं व जन समुदाय की सुरक्षा के संबंध में अवगत कराते हुये विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए करणी सेना के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि आज पूरे विश्व सहित हमारे भारत देश में महामारी कोरोना के खिलाफ जंग जारी है। जिससे बचाव का तरीका है सोशल डिस्टेंसिंग का पालन एक-दूसरे से दूरी बनाकर रहे व भीड़-भाड़ वाले जैसे स्थानों पर न जाए। इस संकट काल के दौर में हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है कि हम स्वयं सहित अपने परिवार व जन समुदाय की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करें और आम जनमानस को भी इसका पालन करने के लिए जागरूक करते रहे। इसके अलावा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने अपनी बैठक में आये हुये सभी पदाधिकारियों व सदस्यों को संगठन के प्रति उनकी जिम्मेदारियों के बारे में अवगत कराते हुये बताया कि महामारी के दौर में सभी को एक जुटता के साथ रहकर सामाजिक कार्यों में सहयोग करते रहना है। वहीं जिला प्रवक्ता विवेक राठौर ने बताया कि संगठन का उद्देश्य संस्कृति की रक्षा के साथ राष्ट्र के गौरव को बरकरार रखना है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, प्रवक्ता विवेक राठौर, आई० टी० प्रभारी विकास गुप्ता, संगठन मंत्री विक्रम सिंह, मृगेन्द्र सिंह, प्रवीण गुप्ता, अनूप यज्ञसैनी समेत संगठन के तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।