दीपक कुमार श्रीवास्तव-
कछौना (हरदोई) : कोतवाली कछौना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर सड़क किनारे पैदल जा रही एक महिला व युवक को एक तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत कछौना निवासी कमरजहां (38) पत्नी हसन शनिवार देर शाम किसी कार्य हेतु अपने ही मोहल्ले निवासी युवक अनीश उर्फ लालू को बुलाने गई थी। युवक के साथ वह वापस पैदल घर जा रही थी। इसी दौरान लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर सिंह नर्सिंग होम के पास लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला कमरजहां की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं युवक अनीश उर्फ लालू घायल हो गया। टक्कर मारकर डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया जिसे स्थानीय पुलिस की सूचना पर सक्रिय हुई बघौली पुलिस ने पकड़कर हिरासत में ले लिया। हादसे की सूचना पाकर पहुंची पुलिस व परिजनों द्वारा महिला व युवक को एंबुलेंस के द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना ले जाया गया, जहां मौजूद चिकित्सक डॉक्टर इरफान अली ने महिला को मृत घोषित करते हुये घायल युवक को उपचार के लिए भर्ती कर लिया।
इस हादसे के संबंध में प्रभारी निरीक्षक राय सिंह यादव ने बताया कि चालक व डीसीएम को बघौली पुलिस द्वारा पकड़कर हिरासत में ले लिया गया है। महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा आदि कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम हेतु भेजने की तैयारी की जा रही है।