कौशाम्बी : जनपद कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के तिल्हापुर मोड़ पर स्थित पेट्रोल पंप के सामने एक दुकान में गैस सिलेंडर फट जाने के कारण भीषण आग लग गई। जिससे बाजार में चारों तरफ अफरा तफरी का माहौल नजर आने लगा। देखते ही देखते आग इतनी विकराल रूप में आ गई कि लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। वहीं आसपास मौजूद लोगों ने फायर ब्रिगेड समेत स्थानीय पुलिस को सूचना दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही गैस सिलेंडर में लगी आग ने बिस्फोट कर दिया। जिससे आग और भड़क गई। लेकिन वहां मौजूद लोगों , पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
बताया जा रहा है कि दुकानदार छोटा गैस सिलेंडर रखकर दुकान में चाय बना रहा था। गैस सिलेंडर लीक होने के कारण उसमें आग पकड़ लिया जो देखते ही देखते विकराल रूप में आ गई। आग तेज होने के कुछ देर बाद ही सिलेंडर ब्लास्ट हो गया । फिलहाल गनीमत रही कि इस हादसे में दुकानदार और अन्य किसी व्यक्ति के जान की हानि नहीं हुई है। वहीं दुकानदार का कहना है कि उसका लगभग दो लाख रुपए तक की संपत्ति का नुकसान हो गया है। क्योंकि इस हादसे में उसकी पूरी की पूरी दुकान और उसमें रखा सामान जलकर राख का ढेर बन गया है। पेट्रोल पंप के सामने ऐसा हादसा होना जिम्मेदारों के ऊपर एक सवाल खड़ा कर रहा है।
जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते ऐसे हादसे होते रहते हैं। अगर यह आग पेट्रोल पंप तक पहुंच जाती तो बाजार का नजारा कुछ और ही भयानक रूप ले लेता। आखिर ऐसे कितने दुकानदार होंगे जो बिना फायर ब्रिगेड की एनओसी मिले बगैर ही अपनी दुकानों पर कामर्शियल गैस सिलेंडर के जगह अवैध घरेलू गैस सिलेंडर रखकर कार्य कर रहे हैं। विभागीय जिम्मेदार अधिकारियों को इनकी जांच करा कर सख्त कार्यवाही करनी चाहिए जिससे कि ऐसा हादसा और कहीं दोबारा ना होने पाए।