कौशांबी में गंगा नदी में छः लोग डूबे, तीन किशोरियों की मौत और तीन को गोताखोरों ने बचाया

कौशांबी : जनपद में पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के कुरई गांव के गंगा घाट पर हादसा हो गया। स्‍नान के दौरान डूबने से तीन किशोरियों की मौत हो गई। वहीं दो किशोरियों व एक बालक को बचा लिया गया। रविवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। गंगा स्‍नान को गईं पांच किशोरियां और एक बालक डूब गए। मशक्‍कत के बाद सभी छह लोगों को पानी की धारा से बाहर निकाल लिया गया। हालांकि तीन किशोरियों की मौत हो गईं, जबकि दो किशोरियां और एक बालक को बचा लिया गया है। हादसा पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के कुरई गांव स्थित गंगाघाट का है। पुलिस ने शवों को कब्‍जे में ले लिया है।

कुरई गांव के गंगा घाट पर हुआ हादसा

पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के कुरई गांव के समीप ही गंगा नदी बहती हैं। रविवार की सुबह गांव की पांच किश‍ोरियों के साथ एक बालक गंगा स्‍नान के लिए घाट पर पहुंचे। सभी पानी में नहाने के लिए चले गए। इसी दौरान नदी की तेज धारा में बालक डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में एक के बाद एक सभी किशोरियां भी गहरे पानी में समा गयी।

दो किशोरियों व एक बालक को बचा लिया गया। घाट पर मौजूद लोगो ने किशोरियों की चीख- पुकार सुनी तो वह तत्‍काल गंगा नदी में उन्‍हें बचाने के लिए कूद गए। इस बीच सूचना पाकर वहां पुरामुफ्ती थाने की पुलिस भी पहुंच गई। तत्‍काल गोताखोरों को भी बुलवाया गया। लोग भी मदद को जुटे थे। अथक प्रयास के बाद सभी छह डूबे लोगों को बाहर निकाल लिया गया। हालांकि इसमें तीन किशोरियों की मौत हो चुकी थी। कुरई गांव निवासी आशा 13 पुत्री देशराज, मीनू 15 पुत्री मानसिंह और सीता 12 पुत्री मायाराम की डूबने से मौत हो गई है। वहीं दो किशोरियों और एक बालक को सकुशल बचा लिया गया।