कागज़ी खानापूर्ति तक सिमटा सम्पूर्ण समाधान दिवस, शिकायतों का निस्तारण न होने से फरियादी निराश

संडीला, हरदोई : तहसील संडीला में मंगलवार को जिला अधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिसमें कुल 153 शिकायतें प्राप्त हुई। जिलाधिकारी की उदासीनता के चलते संपूर्ण समाधान दिवस केवल खानापूर्ति तक सीमित रहा। अधिकारी अपने मोबाइल में व्यस्त नजर आए ।

तहसील दिवस में ज्यादातर शिकायतें मतदाता सूची में गड़बड़ी, अवैध कब्जा, विद्युतीकरण, प्रधानमंत्री आवास की थी। इस तरह तहसील दिवस में सामाजिक कार्यकर्ता छोटेलाल दिव्यांग ने हथौड़ा रजबहा की ग्रामसभा बरवा के पास क्षतिग्रस्त पुलिया निर्माण हेतु प्रार्थना पत्र दिया। इस पुलिया से दर्जनों ग्रामों के राहगीरों का प्रतिदिन आवागमन रहता है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण आए दिन कोई न कोई राहगीर चोटिल होकर गिरते हैं। जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर पुलिया निर्माण का निर्देश दिया।

सामाजिक कार्यकर्ता व पत्रकार पी०डी० गुप्ता ने कछौना से बेरूआ संपर्क मार्ग पर ग्राम हेमनखेड़ा के पास बेता नाला की पुलिया 30 वर्ष पूर्व बनी थी। जो नीचे से दरक गई हैं। जिस पर परिवहन विभाग की बसें व डबल ट्रेकर बसें गुजरती हैं। पुलिया दरकी होने के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। जिस पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया सांय काल तक रिपोर्ट प्रेषित करने का निर्देश दिया। विकास खण्ड कछौना के सुधीश कुमार सिंह ने ग्राम सभा कटियामऊ में ग्राम प्रधान व लेखपाल ने गुपचुप तरीके से अपात्र लोगों को पट्टा आवंटन कर दिए, जिसमें पात्र लोग योजना से वंचित हो गए। ग्रामीण क्षेत्र के दूरदराज से दर्जनों दिव्यांग जनों ने पहुंचकर प्रमाण पत्र बनवाने हेतु परीक्षण कराया। जिससे उनका दिव्यांग प्रमाण पत्र बन सकें।

ग्रामसभा हिंदु खेड़ा मजरा उत्तरधैया के ग्रामीणों ने तालाब आवंटन में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की शिकायत की। कस्बा निवासी रश्मि जयसवाल ने दिए गए शिकायती पत्र में अपने पति का आरोप लगाया है कि उसका पति भरण पोषण हेतु आर्थिक सहायता नहीं दे रहा है। उसके घर का बना शौचालय भी तोड़ दिया है। वह काफी परेशान हैं। उसे न्याय नहीं मिल रहा है। वह दर दर भटकने को विवश है। युवा नेहरू युवा केंद्र के कार्यकर्ता देवेंद्र कुमार द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में उनकी ग्राम सभा मरेउरा की मतदान सूची में काफी गड़बड़ी है। कस्बे के लोग ग्रामसभा सूची में शामिल हैं। उनके नाम विलोपन कराए जाएं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स, उप जिलाधिकारी सण्डीला मनोज कुमार श्रीवास्तव सहित जिले, तहसील, ब्लाक मुख्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता