दीपक कुमार श्रीवास्तव :
कछौना (हरदोई)। विकासखंड कछौना में प्रत्येक जरूरतमंद की हरसंभव मदद के लिए समाजिक संगठन “गरीब बेरोजगार सेवा फाउंडेशन” की सक्रियता अनवरत जारी है। संगठन के संस्थापक ने माँ की अकाल मृत्यु के बाद बेटी की शादी में पहुँचकर परिवार का सहयोग करते हुए गमजदा बेटी को ढांढस बंधाया और उसके आंसू पोंछे।
बता दें कि कोतवाली कछौना क्षेत्र के ग्राम उंचौली निवासी गरीब दंपति रामरतन और रामपती की बेटी की बारात 07 जुलाई को आनी थी। पूरा परिवार शादी की तैयारियों में लगा हुआ था। लेकिन नियती को कुछ और ही मंजूर था, विवाह से दो दिन पूर्व सोमवार 05 जुलाई को बेटी के हाथ पीले होने से पहले ही माँ रामपती की करंट लगने से मौत हो गई। वैवाहिक कार्यक्रम की तैयारियों के बीच हुई इस दुःखद घटना घटना ने परिवार और शिरकत करने आए नाते-रिश्तेदारों के साथ पूरे ग्रामवासियों को झकझोर कर रख दिया। शादी वाले घर में खुशी का माहौल मातम में तब्दील हो गया। रामरतन ने मंगलवार को पत्नी के अंतिम संस्कार के बाद दिल पर पत्थर रखते हुए तय समय पर ही बेटी की शादी का निर्णय लिया और बुधवार को घर पहुंची बारात का स्वागत किया।
ऐसे गरीब और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए सदैव तत्पर गरीब बेरोजगार सेवा फाउंडेशन सामाजिक संगठन के द्वारा पुनः एक बार फिर गरीब कन्या के विवाह में आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। गुरुवार को शादी की सुबह कार्यकर्ताओं के साथ ग्राम उंचौली पहुंचे संगठन के संस्थापक डॉ नृपेंद्र वर्मा ने नवदंपति को आशीर्वाद प्रदान किया और माँ की याद में फफक-फफक कर रो रही बेटी और पिता के आंसुओं को पोंछकर उन्हें ढांढस बंधाया।
फिलहाल माँ की मौत के बाद गमजदा गरीब परिवार की बेटी की शादी में सहयोग करने के साथ-साथ परिवार का दुःख बांटने पहुंचे गरीब बेरोजगार सेवा फाउंडेशन के संस्थापक एवं समाजसेवी डॉ नृपेंद्र वर्मा की ग्रामवासियों समेत आसपास के लोगों ने काफी सराहना की है। वही संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ काजल वर्मा ने कहा कि संगठन के संस्थापक के मार्गदर्शन एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग में संगठन लगातार समाज के निचले पायदान पर खड़े लोगो के उत्थान के लिए कार्य करता आ रहा है और यूँ ही करता रहेगा। एक बेटी के विवाह के दो दिन पूर्व घटी दुःखद घटना के प्रति अफसोस जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान ऐसा दिन दुश्मन को भी न दिखाये।