खेलकूद मैदानों पर अवैध कब्जा के कारण प्रतिभाएं मायूस

कछौना, हरदोई। विकास खण्ड कछौना में युवाओं के खेलकूद मैदानों पर अवैध कब्जा व बदहाली के कारण खेलकूद प्रतिमाएं मायूस है। युवक मंगल दल कागजों पर ही संचालित है।

गौसगंज के पीवीआर इण्टर कॉलेज में कई वर्ष पूर्व मिनी स्टेडियम स्थापित किया गया था, परंतु प्रशासनिक अधिकारियों की खाऊ कमाऊ नीति के चलते बदहाली पर आंसू बहा रहा है।फुटबॉल, बैडमिंटन, क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए मिनी स्टेडियम बेमतलब का साबित हो रहा है। लाखों रुपए की लागत के बावजूद युवाओं को लाभ नहीं मिल पा रहा है। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र के खेलकूद मैदानों को विकसित करने के नाम पर लाखों रुपए का बंदरबांट किया गया है। प्रतिवर्ष एक युवक मंगल दल को मिलने वाली खेलकूद किट बंदरबांट हो जाती है। ग्रामीण क्षेत्र में बने खेलकूद के मैदानों में कूड़े के ढेर व घास उगी है। स्थानीय ग्रामीणों ने अवैध कब्जा कर रखा है। युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद अहम है, क्योंकि स्वास्थ्य शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है। क्षेत्रीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच न मिलने के कारण प्रशिक्षण के अभाव में खिलाड़ियों की प्रतिभा दब जाती है। शायद ही किसी पार्टी के एजेंडे में ग्रामीण क्षेत्र के खेलकूद प्रतिभाओं को आगे ले जाने का बेहतर मंच देने का वायदा हो। जिसके कारण युवा खिलाड़ी बेहद निराश व मायूस है।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता