हरदोई। थाना क्षेत्र बघौली के अंतर्गत बीती रात में लगभग आधा दर्जन अज्ञात चोर एक ग्रामीण की दो भैंस चोरी कर ले गए। जिनकी अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये हैं, चोरी का पता लगते ही पशुपालक के भाई व ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा भी किया, इसी बीच गांव से बाहर खड़े पिकअप डाले से पशुपालक के भाई को टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया, आरोपित इसी बीच भागने में कामयाब हो गए। पीड़ित ग्रामीण ने पुलिस को शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की हैं।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मरेउरा निवासी छोटे लाल पुत्र मूलचंद ने कहा है कि उन्होंने अपने घर के बरामदे में भैंसों को बांधा हुआ था। बीती रात में करीब एक से डेढ़ बजे चोरों ने दो भैंस चोरी कर अपने पिकअप डाले में डाल लिया। गांव के बाहर खलियान के पास बदमाशों ने डाला को खड़ा कर रखा था। इसी दौरान पशुपालक छोटेलाल के भाई कढ़िले की नींद खुल गई। कढ़िले व ग्रामीण चोरों का पीछा करते हुए डाले के पास पहुंच गए। वहां पर कढ़िले व चालक के बीच हाथापाई होने लगी, इसी बीच मौका मिलते ही चालक ने डाले से कढ़िले को टक्कर मार दी, जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गए। उनके बाएं पैर में आधा दर्जन से ज्यादा टांके लगे हैं, वहीं पीठ में भी काफी गंभीर चोटें आई हैं। कढ़िले व ग्रामीणों ने लगभग आधा दर्जन बदमाशों को डाले पर देखा है। पिकअप डाले में नंबर प्लेट नहीं लगी थी। जिसके बाद पीड़ित ने डायल-112 पर चोरों द्वारा भैंस चोरी करने की सूचना दी। ग्रामीणों ने बाइक से बदमाशों की गाड़ी का पीछा भी किया। लेकिन आरोपित भागने में कामयाब हो गए।
पीड़ित छोटेलाल ने बघौली पुलिस को प्रार्थना पत्र देखकर चोरी का मामला दर्ज कर शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। उक्त मामले को लेकर एसएचओ बघौली सोन पाल गंगवार ने बताया पीड़ित द्वारा अभी तक तहरीर नहीं की गई है, तहरीर के आधार पर कार्यवाही की जाए।
रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता