महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों पर नहीं लग पा रही लगाम

महिला सुरक्षा के जिम्मेदार ही महकमे को कर रहे दागदार

कछौना (हरदोई)। सरकार जहां एक ओर पुलिस विभाग को महिलाओं के प्रति अपराधों को लेकर संवेदनशील बनने की हिदायत दे रही है, वहीं दूसरी ओर हरदोई जनपद की कछौना पुलिस महिलाओं के प्रति बढ़ते मामलों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है।

बताते चलें कि बीती (बुधवार) रात कछौना कोतवाली के अंतर्गत कछौना कस्बे के मोहल्ला ठाकुरगंज निवासी एक दलित युवती को शराब के नशे में धुत एक दबंग ने चोटी पकड़कर दीवाल में उसका सर पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वहीं लहूलुहान हालत में जब युवती अपनी रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंची तो पुलिस ने उसकी बात को अनसुना करते हुए उसे दुत्कार कर भगा दिया। थाने से मिली दुत्कार के बाद युवती अपने परिजनों के साथ देर रात कछौना सीएचसी पहुंची और वहां किसी तरह अपना प्राथमिक उपचार कराया। युवती ने शासन प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। इसी तरह बीते कुछ दिनों पूर्व कछौना कस्बे में गौसगंज रोड स्थित इस्लामनगर निवासिनी यौन उत्पीड़न से पीड़ित एक युवती द्वारा भी लगभग एक महीने तक स्थानीय थाने से लेकर पुलिस अधीक्षक तक गुहार लगाने के बाद कछौना पुलिस ने उसका मामला दर्ज किया था। इन सब मामलों के चलते कहीं ना कहीं महिला अपराधों के प्रति कछौना पुलिस का असंवेदनशील चेहरा लगातार उजागर हो रहा है।

रिपोर्ट ➖ एस.बी.सिंह सेंगऱ