बांग्लादेश की ओर बढ़ रहे सितरंग चक्रवात से पूर्वोत्तर, पश्चिमबंगाल और ओडिशा में वर्षा हो सकती है। भारतीय मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार यह चक्रवात लगभग मंगलवार की सुबह तिनकोना द्वीप और सनद्वीप के बीच से बांग्लादेश के तट को पार करेगा। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में इसका असर रहेगा। दोनों राज्यों में आज से मध्यम और तेज वर्षा होगी। पूर्वोत्तर क्षेत्र में भी मध्यम वर्षा हो सकती है। पूर्वोत्तर क्षेत्र में त्रिपुरा और अन्य राज्य सरकारों ने जिला और आपदा प्रबंधन अधिकारियों से चक्रवात की स्थिति से निपटने के लिए अग्रिम एहतियाती कदम उठाने को कहा है।
समुद्र में ऊंची लहरों के कारण मछुआरों को ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तट से आगे बुधवार तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन समिति ने शुक्रवार को केन्द्रीय और राज्य एजेंसियों की तैयारियों की समीक्षा की। राष्ट्रीय आपदा कार्रवाई बल ने राज्यों के लिए अपने दल उपलब्ध कराए हैं। समुद्री जहाज और विमान के साथ-साथ सेना और नौसेना के बचाव और राहत दल को भी तैयार रखा गया है।