गोवा मे अंतरराष्ट्रीय फिल्‍मोत्‍सव में भारतीय पैनोरमा खंड की शुरूआत

गोवा में भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्‍मोत्‍सव में भारतीय पैनोरमा खंड की शुरूआत हुई। इस खंड की शुरूआत पृथ्‍वी कोनानूर निर्देशित कन्‍नड़ फीचर फिल्‍म हेदिनेलेंटु के प्रदर्शन साथ हुई। गैर फीचर फिल्‍म श्रेणी का शुभारंभ दिव्‍या कोस्‍जी निर्देशित द शो मस्‍ट गो ऑन फिल्‍म के प्रदर्शन से हुआ। सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने भारतीय पैनोरमा खंड का उद्घाटन किया। श्री ठाकुर ने फिल्‍मोत्‍सव में प्रदर्शित की जाने वाली फिल्‍मों के निर्माताओं को शुभकामनाएं दी। उन्‍होंने निर्णायक मंडल को भारतीय पैनोरमा के लिए फिल्‍में चुनने के लिए धन्‍यवाद दिया।
    सूचना और प्रसारण सचिव अपूर्व चंद्रा ने कहा कि फिल्‍मोत्‍सव के भारतीय पैनोरमा खंड में पूरे देश की सर्वश्रेष्‍ठ फिल्‍में प्रदर्शित की जा रही है। इस खंड में 25 फीचर फिल्में और 20 गैर-फीचर फिल्में दिखाई जा रही हैं।
    श्री ठाकुर ने फिल्‍म बाजार का भी उद्घाटन किया। यह दक्षिण एशिया का सबसे बडा फिल्‍म बाजार है। श्री ठाकुर ने कहा कि भारत विश्‍व में सबसे बड़े फिल्‍म निर्माता देशों में शामिल है और यह फिल्‍मोत्‍सव एशिया का सबसे बड़ा फिल्‍म समारोह है। इस अवसर पर सूचना और प्रसारण राज्‍य मंत्री एल मुरूगन  भी उपस्थित थे।
     मन्त्री अनुराग ठाकुर ने भविष्‍य के 75 क्रिएटिव माइंड्स के लिए 53 घंटे की चुनौती का शुभारंभ किया। यह प्रतियोगिता इंडिया एट 100 के विचार के बारे में लघु फिल्‍मों के निर्माण के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह प्रतियोगिता कम समय में प्रतिभागियों की रचनात्‍मकता प्रदर्शित करने के लिए है।