53वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के रंगारंग उद्घाटन समारोह के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उद्घाटन समारोह रविवार को गोआ के डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में होगा। पणजी शहर फिल्म प्रेमियों और पर्यटकों के स्वागत कि लिए तैयार है।
महोत्सव में 79 देशों की 280 फिल्में दिखाई जाएंगी। महोत्सव की शुरुआत डाइटर बर्नर द्वारा निर्देशित ऑस्ट्रियाई फिल्म – अल्मा एण्ड ऑस्कर से होगी। भारत की 25 फीचर फिल्में और 19 गैर-फीचर फिल्में ‘इंडियन पैनोरमा’ में दिखाई जाएंगी, जबकि 183 फिल्में अंतरराष्ट्रीय प्रोग्रामिंग का हिस्सा होंगी।
52वें दादासाहेब फाल्के पुरस्कार विजेता आशा पारेख के लिए एक विशेष खंड प्रस्तुत किया जाएगा। मणिपुरी सिनेमा के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर, मणिपुर स्टेट फिल्म डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा क्यूरेट की गई पांच फीचर और पांच गैर-फीचर फिल्मों के विशेष रूप से तैयार किए गए पैकेज की स्क्रीनिंग की जाएगी।
सत्यजीत रे लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार, स्पेनिश फिल्म निर्देशक कार्लोस सौरा को प्रदान किया जा रहा है। फ्रांस ‘स्पॉटलाइट’ देश है। कंट्री फोकस पैकेज के अंतर्गत 8 फिल्में दिखाई जाएंगी।