नहर मे नहाने गये युवक की डूबने से मृत्यु

कछौना (हरदोई): कोतवाली कछौना की ग्राम सभा गौहानी के ग्राम खन्नाखेड़ा में ससुराल आए एक युवक की शारदा नहर में नहाने के दौरान डूबने से मृत्यु हो गई। इस घटना से परिवार पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को मृतक युवक विमल पुत्र रामपाल उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम परफुलिया खेड़ा थाना बेनीगंजअपनी ससुराल कोतवाली कछौना के ग्राम खन्नाखेड़ा में गौरी शंकर के घर आया था। मृतक अपने साथियों के साथ शारदा नहर में नहाने गया था। नहाते समय संतुलन बिगड़ने के कारण युवक नहर में डूब गया। मृतक की शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी। साथियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के किसान आ गए। स्थानीय ग्रामीणों की काफी मशक्कत के बावुज़ूद नहर में पानी के तेज बहाव के कारण शव का पता नहीं चल सका। ग्राम-प्रधान प्रतिनिधि कप्तान ने मौके पर पहुंचकर प्रशासन को सूचना दी। पुलिस-प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर शव की तलाश का प्रयास किया परन्तु समाचार लिखे जाने तक शव का पता नहीं चल सका है। गर्मी के मौसम के कारण युवा नहर में नहाने का मोह नहीं छोड़ पा रहे हैं। नहाते समय साथियों के साथ जोश में आ जाते हैं और अनहोनी हो जाती है। एक माह पूर्व शारदा नहर में तकिया गांव निवासी एक किशोर की नहाने के दौरान डूबने से मृत्यु हो गई थी। ऐसी अनेक घटनाओं के घटने के बावुज़ूद लोग नहर में नहाने की लापरवाही से बाज नहीं आ रहे हैं। जिसकी कीमत परिवार को उठानी पड़ रही है।

रिपोर्ट- पी०डी० गुप्ता