मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामो के मद्देनज़र जनजागरूकता संगोष्ठी हुई आयोजित

मादक एवं नशीले पदार्थों के सेवन से परिवार, समाज व राष्ट्र हो रहा पंगु : डॉ० शशांक वर्मा

मद्यनिषेध विभाग, उ०प्र० द्वारा रसखान प्रेक्षाग्रह हरदोई में मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जनजागरूकता हेतु संगोष्ठी/पुरस्कार वितरण कार्यक्रम, प्रदर्शनी सहित विभिन्न प्रकार के शिक्षात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री नितिन अग्रवाल, मंत्री आबकारी/मद्यनिषेध उपस्थिति रहे। श्रीमती सरोज कुमारी, राज्य मद्यनिषेध अधिकारी उ० प्र०, क्षेत्रीय मद्यनिषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी लखनऊ क्षेत्र आर०एल० राजवंशी, सहा० प्रोफेसर डॉ० शशांक वर्मा, चिकित्सक डॉ० विनय मिश्र, डॉ० कौशलेन्द्र कुमार सिंह, प्राचार्य सी०एस०एन० महाविद्यालय, नीतू वर्मा, डी०पी०ओ० लखनऊ (मद्यनिषेध) व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही।

मंत्री महोदय द्वारा व अन्य गण्यमान्य अतिथियों द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन कर दीप प्रज्वलन करते हुये कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। श्रीमती सरोज कुमारी, राज्य मद्यनिषेध अधिकारी उ० प्र० द्वारा अपने परिचयात्मक उद्बोधन में मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों एवं बचाव के सम्बन्ध में विशेष रूप से जनसामान्य को अवगत कराया गया। संगोष्ठी में डॉ० कौशलेन्द्र कुमार सिंह, प्राचार्य सी०एस०एन० महाविद्यालय हरदोई द्वारा मद्यपान एवं नशीले पदार्थों को समाज के लिये घातक बताते हुये जनसमान्य को इससे दूर रहने की अपील की गयी। डॉ० विनय मिश्र, चिकित्सक, चिकित्साधिकारी कार्यालय हरदोई द्वारा मादक पदार्थों एवं तम्बाकू सेवन से होने वाले शारीरिक दुष्परिणामों के साथ-साथ इसके बचाव के तरीको पर प्रकाश डाला गया।

डॉ० शाशंक वर्मा, सहा० प्रोफेसर, कमला नेहरु प्रोद्योगिकी संस्थान, सुल्तानपुर द्वारा मादक एवं नशीले पदार्थों के सेवन से परिवार, समाज व राष्ट्र के हो रहे नुकसान से अवगत कराया गया।

मुख्य अतिथि आबकारी एवं मद्यनिषेध मंत्री श्री नितिन अग्रवाल द्वारा अपने उद्बोधन में मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों पर चिन्ता व्यक्त करते हुये जनसामान्य को नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की गयी।

कार्यक्रम के अन्त में मद्यनिषेध विभाग द्वारा आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के विजयी प्रतिभागियों को माननीय मंत्री जी एवं अन्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। उक्त के अतिरिक्त डॉक्यूमेंटरी प्रदर्शन एवं जादू के माध्यम से भी मद्यनिषेध के शिक्षात्मक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।