हरपालपुर कोतवाली इलाके में एक युवक ने विधवा महिला को घर मे रुपये देने के बहाने बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और साथियों के साथ मिलकर पीट दिया। एसपी के पास पहुंची महिला ने जब शिकायत की तो एसपी ने कोतवाल को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए है।
कोतवाली हरपालपुर इलाके के एक गांव की रहने वाली महिला का आरोप है कि वह अपने पति की मौत के बाद आगरा में रहकर मजदूरी करके अपने परिवार व बच्चों का भरण-पोषण करती है। आगरा में ही उसके गांव का मोनू उर्फ मुकेश पुत्र रामबाबू भी रहता है। महिला का आरोप है कि 10 जून को मोनू उसके 18 हजार रुपये लेकर घर चला आया था। आरोप है कि 10 जून को जब दिन के 12 बजे वह पैसे लेने उसके दरवाजे पर गयी तो मोनू ने उसे घर मे बुला लिया और कहा यहीं रुपये देंगे। घर में उसने उसके साथ धमकी देकर कमरे में बंद करके दुष्कर्म किया। किसी तरह वह छूट कर बाहर आई तो चिल्लाई जिसके बाद गांव के ही गोविंद, शिवनन्दन आए और उसको बचाया। महिला का आरोप है कि इस मामले की शिकायत मोनू के भाई अतुल व परिजन श्यामबाबू व रामबाबू को की तो इन लोगों ने उल्टे उसे ही पकड़कर मारा पीटा। जब वह थाने गयी तो रिपोर्ट नहीं लिखी गयी। एसपी विपिन कुमार मिश्र ने कोतवाल को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए है।