हरदोई- माधौगंज थाना क्षेत्र के कुरसठ चौकी के अंतर्गत एक सिपाही की डिप्रेशन से हालत बिगड़ गई। जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। वहीं एसपी कार्यालय में शिकायत करने आए फरियादी की पुलिस को देखकर हालत बिगड़ गई। दोनो को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बुधवार का दिन माधौगंज के कुरसठ कस्बे की पुलिस चौकी के लिए नागवार साबित हुआ। चौकी से लाए गए सिपाही जयकरन यादव (45) पुत्र रामसुमिरन का अचानक बीपी हाई हो गया। जिसे पुलिसकर्मी सीएचसी ले गए लेकिन वहां से जिला अस्प्ताल ले जाने की सलाह दी गई। जिससे उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर भर्ती कराए गए सिपाही ने आरोप लगाया कि जब से उसकी मालखाने में ड्यूटी लगाई गई तब से वह परेशान है लेकिन उसकी कोई सुनने वाला नहीं है। हालांकि पुलिसकर्मियों ने उसको सांत्वना देते हुए समस्या के निदान का आवश्वासन दिया। जानकारी के अनुसार उसको कुछ दिनो से मालखाने का चार्ज सौंपा गया है लेकिन वह इस चार्ज को किन्ही कारणोंवश नहीं लेना चाह रहा है। इसी को लेकर वह आए दिन परेशान भी रहता था और बुधवार को अचानक तबीयत ज्यादा खराब हो गई। इसको लेकर चौकी के पुलिसकर्मी भी सकते में आ गए। पुलिस की निजी जीप से उसे अस्पताल लाया गया।