अज्ञात कारणों से विवाहिता ने लगाई फांसी, मौत

अभिषेक मिश्र :

बघौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामसभा गोडाराव के मजरा ढकई पुरवा में बीती रात अज्ञात कारणों के चलते एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी ।

मिली जानकारी के अनुसार कल्पना पत्नी सुधीर (उम्र 24 वर्ष) ने घर के कमरे की छत में लगे कड़े में साड़ी डालकर फांसी लगा ली । उस समय घर के सभी लोग घर के अंदर सो रहे थे, वहीं कल्पना व उसका पति सुधीर घर के बाहर सो रहा था । रात में सुधीर की जब नींद खुली तो उसने देखा कि पत्नी अपनी चारपाई पर नहीं थी । तब सुधीर अपनी चारपाई से उठकर घर के अंदर देखने गया । लेकिन जब सुधीर घर के अंदर बने कमरे में गया तो देखा कल्पना कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी और उसकी मौत हो चुकी थी । इस घटना की जानकारी सुधीर ने परिजनों को दी ।

घटना की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया । कल्पना की शादी सुधीर के साथ 5 वर्ष पहले हुई थी । मृतका के दो पुत्रियां हैं । एक पुत्री की उम्र 4 वर्ष तथा दूसरी पुत्री की उम्र 2 वर्ष है । परिजनों ने आनन फानन घटना की सूचना पुलिस को सूचना दी । मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हरदोई भेज दिया है । फिलहाल खबर लिखे जाने तक घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस जांच में जुटी हुई है ।