शादी का कार्ड देकर लौट रहे युवक की सड़क हादसें में मौत

हरदोई- सुरसा थाना क्षेत्र के कराही गांव के समीप हुए सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। युवक अपनी शादी का कार्ड देकर उन्नाव जनपद में अपने घर जा रहा था। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया है।

उन्नाव के थाना हसनगंज के समदपुर हरदास गांव निवासी सुनील कुमार (32) की शादी हाल ही में जनपद के मौरावां के बरदहा गांव की युवती से होनी थी। तिलक समारोह व शादी ही बाकी थी। शेष सारे संस्कार पूरे हो गए थे। अब परिवारीजन मिलकर निमंत्रण कार्ड वितरण में लगे थे। निमंत्रण का कार्ड देने के लिए शनिवार को सुनील टड़ियावां थाना क्षेत्र के गोपामऊ कस्बा निवासी बहन विमला के घर आया। जहां से देर शाम कार्ड देकर घर को वापस निकला। उसके साथ ही दूसरी बाइक पर चचेरा भाई नवनीत व बहन निर्मला जा रहे थे। जैसे ही उसकी बाइक कराही गांव के पास पहुंची कि इसी बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने उसको टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ में जा रहे भाई व बहन ने एक कार में लिफ्ट लेकर उसको शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर दुर्घटना का मामला होने से भर्ती करने से इन्कार किया गया। इस पर सुनील को जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर उसको मृत घोषित कर दिया गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक के परिवार में उसका दूसरा भाई संजय है जो विक्षिप्त है। हादसे से परिवार पर गमों का पहाड़ टूटा है। हादसे की जानकारी मृतक की मां मायादेवी ने दी है।