भाजपा नेताओं ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर गिनायीं मोदी सरकार की चार साल की उपलब्धियाँ

                  नरेन्द्र मोदी सरकार ने 04 बरस पूरे कर लिए। इस मौके पर भाजपा के अवध क्षेत्र उपाध्यक्ष राजीव कुमार मिश्रा ने केन्द्र की जन कल्याण की योजनाओं से देश को मिले और सदर सांसद अंशुल वर्मा ने क्षेत्र को मिले लाभ के बारे में आंकड़ों की छाया में बात की। वहीं, सवायजपुर विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह ‘रानू’ ने सूबे की योगी सरकार एक साल की उपलब्धियों का बखान किया। लेकिन, सामना हुआ सवालों की सूरत में हक़ीक़त से तो जवाब देते नहीं बना भाजपा नेताओं से।
           राजीव मिश्रा ने बात शुरू की जन धन योजना से। बताया, लगभग 23 करोड़ लोगों का बैंक में खाता खुला और ₹02 लाख तक के निःशुल्क बीमा का लाभ मिला। देश की आंतरिक सुरक्षा को पुख़्ता करते हुए पहली बार सेना ने पहले म्यांमार और फिर पाकिस्तान की सीमा में घुस कर सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए आतंकी शिविरों को नेस्तनाबूद किया। प्रधानमन्त्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत ₹12 प्रति वर्ष प्रीमियम पर गरीबों को ₹02 लाख का दुर्घटना बीमा योजना का लाभ दिया गया। उज्ज्वला योजना के तहत देश भर में 03 करोड़ बीपीएल परिवारों को निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन और कम्पलीट किट दी गईं। आने वाले दिनों में 08 करोड़ परिवारों को योजना का लाभ देने का लक्ष्य है।
       दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना से स्वतन्त्रता के बाद उजाले से वंचित 18 हजार गांवों का विद्युतीकरण कराया गया। आज देश के सभी गांवों में बिजली पहुंच चुकी है। सौभाग्य योजना से 2022 तक सभी परिवारों को निःशुल्क बिजली कनेक्शन देने का लक्ष्य है और अब तक करोड़ों परिवारों को मुफ़्त कनेक्शन दिया जा चुका है। उजाला उन्नत ज्योति योजना से ग़रीब परिवारों को निःशुल्क एलईडी बल्ब/ट्यूबलाइट और पंखा दिया जा रहा है। प्रधानमन्त्री आवास योजना के तहत कितनों को छत मिली, सौभाग्य योजना की तरह ही इसका आंकड़ा देने की जगह कहा गया, योजना से करोड़ों परिवार को लाभ मिल चुका है और मोदी सरकार का संकल्प है कि 2022 तक हर परिवार के सिर पर पक्की छत हो।
      स्वच्छ भारत अभियान जा जिक्र करते हुए कहा गया, मोदी ने 02 अक्टूबर 2014 को अभियान शुरू किया था, जो जनान्दोलन बन चुका है और 2019 तक देश को स्वच्छ बनाने का संकल्प है। अलग बात है, गंगा को स्वच्छ बनाए जाने की दिशा में नमामि गंगे परियोजना का उल्लेख नहीं किया गया। किया भी कैसे जाता, फिर पिछले दिनों राजघाट से आगे तक गंगा का पानी विषाक्त होने के कारण भारी मात्रा में जलीय जन्तुओं की मौत का सवाल मुंह बाए खड़ा हो जाता। ख़ैर, बताया कि ग्राम सड़क योजना से 4800 किलोमीटर सड़क निर्माण हुआ और प्रतिदिन 133 कि0मी0 सड़क निर्माण हो रहा है। काले धन, भ्रष्टाचार और आंतकवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए नोटबंदी का प्रहार किया गया, जो कारगर रहा। इस उपलब्धि को पाठक अपनी कसौटी कर कस सकते हैं।किसानों की उन्नति के लिए यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई। किसान चैनल शुरू किया गया। कृषि में कौशल विकास कार्यक्रम शुरू हुआ। किसान सुविधा मोबाइल एप्प लाया गया। राष्ट्रीय गोकुल मिशन सफलता से संचालित हो रहा है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना के साथ पुलिस फ़ोर्स में 33 फ़ीसदी आरक्षण का प्रावधान किया गया। सैन्य कर्मियों के लिए वन रैंक वन पेंशन सहित विशिष्ट वर्गों के लिए स्टैण्ड अप इण्डिया, अटल इनोवेशन मिशन, श्रमिकों के लिए विशिष्ट पहचान पत्र और स्वावलम्बन योजना लाई गई। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विद्या लक्ष्मी पोर्टल, आसान शिक्षा ऋण, राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल और मदन मोहन मालवीय राष्ट्रीय शिक्षण मिशन संचालित हुए। स्वास्थ्य के क्षेत्र की उपलब्धियां नहीं गिनाईं गईं।
       आधारभूत ढांचे के निर्माण की दिशा में राजमार्गों के विस्तार, मेक इन इण्डिया, डिजिटल इण्डिया, श्यामा प्रसाद मुखर्जी अर्बन मिशन, श्रेणी-03 तक की कर्मचारी की नियुक्ति के लिए इंटरव्यू समाप्ति और सोशल मीडिया के जरिए जन शिकायतों के निवारण का उल्लेख किया गया। दिव्यांगों के आर्थिक और सामाजिक पुनर्वास के लिए सुगम्य भारत अभियान, सरकारी नौकरियों में 04 प्रतिशत आरक्षण, 06 लाख से ज़्यादा दिव्यांगों को विशेष उपकरण मिले और दिव्यांगता का प्रकार 07 से 21 किया गया। आख़िर में नमामि गंगे, योग का वैश्विक अभियान और सामाजिक समरसता अभियान को एक लाइन में निपटा दिया गया। कॉन्फ़्रेंस में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कृष्ण शास्त्री, सांसद अंशुल वर्मा, विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह व रजनी तिवारी, कॉन्फ़्रेंस संयोजक प्रीतेश दीक्षित, भाजपा जिला महामन्त्री कर्मवीर सिंह और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सन्दीप सिंह मौजूद रहे ।