व्यापारियों की शिकायत पर एडीएम ने मंडी सचिव से ली जानकारी

लाख प्रयास के बाद भी व्यापरियों का उत्पीड़न बन्द नहीं हो पा रहा है। कानपुर से फल एवं अन्य सब्जी आदि लाने वाले थोक व्यापरियों ने माधौगंज मंडी समिति के कर्मियों पर सभी कागजात होने के बाद भी रिश्वतखोरी का आरोप लगाया है। व्यापारियों की शिकायत पर अपर जिलाधिकारी ने मंडी सचिव को इसमें सुधार लाने एवं रेलवे क्रासिंग पर भोर में की जाने वाली वसूली को तत्काल रुकवाने के निर्देश दिए हैं। वहीं वसूली में लिप्त कर्मचारी एवं होमगार्ड के संबंध में आख्या भी तलब की है।

जिले की नवीन फल मंडी में फलों का थोक का कारोबार करने वाले व्यापारियों ने शुक्रवार को एडीएम से मुलाकात की और कानपुर से मंडी के सभी टैक्स अदाकर लाए जाने वाले फलों पर सफीपुर निवासी माधौगंज मंडी के कर्मचारी पंकज कुमार पर होमगार्डों के साथ प्रतिदिन भोर में रेलवे क्रासिंग पर वसूली की शिकायत दर्ज कराई। थोक व्यापारियों ने बताया कि 22 मार्च को कानपुर से गेटपास एवं टैक्स रसीद के साथ पिकप से फल लेकर आ रहे थे।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि माधौगंज रेलवे क्रासिंग पर उक्त कर्मी ने होमगार्ड के साथ रोक लिया और 2 हजार रुपये मांगे। रुपये न होने पर पिकप की स्टेपनी को वही पर गिरवी रखवाकर दो हजार रुपये ले लिए और कोई रसीद भी नहीं दी। एडीएम ने इसे गंभीरता से लिया। व्यापारियों की दूरभाष पर मंडी सचिव से वार्ता कराई। एडीएम ने मंडी सचिव से कहा कि व्यापारियों को अनावश्यक प्रताड़ित न किया जाए, वसूली और रिश्वत पर विराम लगाएं। बतायसा कि सचिव को चेतावनी दी गई है कि दोबारा शिकायत आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।