राजन बाजपेयी :
पाली, हरदोई : मुंबई से आये नगर के एक युवक को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद एसडीएम सवायजपुर के निर्देश पर पाली नगर को 14 दिनों के लिए पूर्ण लॉकडाउन कर दिया गया था, जिसके चलते दवा, किराना व सब्जी की दुकानें तक प्रशासन ने बन्द करा दी थी । लेकिन गुरूवार को एसडीएम के निर्देश पर दवा की दुकानों को नियमानुसार खोलने की छूट मिल गई हैं ।
आपको बता दें कि पाली नगर को 14 दिनों के लिए पूर्ण लॉकडाउन कर दिए जाने के बाद आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को भी बंद करा दिया गया था। यहां तक कि मेडिकल स्टोर तक को खोलने की अनुमति नहीं थी । जिससे स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। पूर्ण लॉकडाउन के चलते पाली के बाशिंदों के सामने आवश्यक चीजों को खरीदने की जबरदस्त समस्या खड़ी हो गई थी। हालांकि नागरिक जैसे तैसे इसका इंतजाम करते थे, लेकिन उन्हें इस दौरान भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लिहाजा नागरिकों की समस्या को देखते हुए एसडीएम सवायजपुर मनोज कुमार सागर के निर्देश पर पाली नगर में दवा की दुकानों को खोलने की अनुमति दे दी गई है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर पाली कस्बे में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक मेडिकल दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई है । इस दौरान दुकानदारों और ग्राहकों को सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखना होगा । वही यह पूछे जाने पर कि अन्य आवश्यक चीजों की दुकानों को खोलने की अनुमति कब तक मिलेगी, तो ईओ श्री शुक्ला ने कहा कि इस बारे में उच्चाधिकारी ही बता सकते हैं।