मोरबी मे मच्छु नदी पुल ढहने के बाद चल रहे राहत और बचाव कार्य अंतिम चरण मे

गुजरात में मोरबी में कल शाम मच्छु नदी पर बना झूलता पुल ढह जाने के बाद चल रहे राहत और बचाव कार्य अंतिम चरण में हैं। गुजरात के गृह राज्यमंत्री हर्ष सिंघवी ने बताया कि इस हादसे में एक सौ बत्तीस लोगों की मृत्यु हो गई और दो लोग लापता हैं। उन्होंने बताया कि कल रात से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, वायुसेना, थल सेना और नौसेना सहित विभिन्न सुरक्षा संगठन बचाव कार्यों में लगे हैं और जल्दी ही राहत कार्य पूरे हो जाने की उम्मीद है।  मोरबी ‘बी’ डिवीजन पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत हादसे के दोषी लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। श्री सिंघवी ने बताया कि दोषियों पर कडी कार्रवाई की जायेगी।
इस बीच मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने  राहत और बचाव कार्यों का जायजा लेने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों के  साथ बैठक की।