ड्यूटी न करने वाले बीएलओ में से करीब दो दर्जन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज

विधानसभा वार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के चल रहे पुनरीक्षण में लगाए गए बूथ लेवल ऑफीसर (बीएलओ) में से करीब दो दर्जन बीएलओ के विरुद्ध पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यह कार्रवाई अब तक ड्यूटी न करने वाले बीएलओ पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एसडीएम सदर राकेश कुमार ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत की है।

विधानसभा वार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के चल रहे पुनरीक्षण में ढिलाई को मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने गंभीरता से लिया है। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एसडीएम सदर राकेश कुमार ने बताया कि बीएलओ के रूप में बेसिक शिक्षा के शिक्षक, अनुदेशक एवं शिक्षा मित्र की ड्यूटी लगाई गई है। खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से ड्यूटी का वितरण भी कराया गया, लेकिन अभी तक करीब दो दर्जन बीएलओ ने ड्यूटी ही नहीं शुरू की। खंड शिक्षा अधिकारियों ने बीएलओ के कार्य करने से इनकार किए जाने की रिपोर्ट दी है।

बताया गया है कि खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर शहर कोतवाली में हरदेवगंज की शिक्षिका मयूरी अग्रवाल, सुभाषनगर की ममता पांडेय, गौरियापुरवा की आशालता, सरोज कुमारी एवं शिवानी मिश्रा, भरिगवां की शालिनी मिश्रा, मिरगावां की गीता सिंह, बेरूईजोर के अनिल कुमार, मूसेपुर के राम कुमार वर्मा, रारा की सुधा, तेरिया की पुष्पा यादव, शहाबुद्दीनपुर की ममता यादव, आरती मिश्रा, नानकगंज की इंदूलता, अनू एवं सीमा यादव, आशा के रजनीश, पेड़ा की सीमा, ककवाही की प्रीती मिश्रा एवं बावन की रजनी वर्मा, धियर महोलिया की सीमा भास्कर, सीमा दीक्षित के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत एफआइआर दर्ज कराई गई है।