हरदोई, 05 फरवरी- तमाम मांगों को लेकर सरकार से गुहार लगा कर हार चुकी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों से संबंधित पत्र नगर मजिस्ट्रेट को दिया। जमकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
मंगलवार को धरना प्रदर्शन करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने कहा कि भाजपा को सरकार में आए लगभग दो वर्ष सूबे में पूरे हो गए हैं। लेकिन आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से किए गए वादों को सरकार ने पूरा नहीं किया है। कहा कि इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री को लिखे गए पत्र में मांग की गई उनको राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। जब तक राज्य कर्मचारी का दर्जा नहीं दिया जाता तब तक 18 हजार रूपए प्रतिमाह मानदेय दिया जाए। इसके साथ ही हाडकुक्ड योजना में धनराशि प्रधान के खाते से न देकर सीधे उनके खाते में भेजी जाए। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केन्दा्रें पर भी स्कूलों की भांति जूता, मोजा, यूनीफार्म वितरित कराए जाएं। इस मौके पर आंगनबाड़ी रीता सिंह, प्रेमशीला, शिवकुमारी अवस्थी समेत तमाम कार्यकत्रियां मौजूद रही। सहायिकाओं ने भी इस धरना प्रदर्शन में सहयोग दिया।