सड़क-निर्माण में घोर अनियमितताओं का आरोप, मानकों की अनदेखी पर ग्रामीणों ने किया विरोध-प्रदर्शन

कछौना (हरदोई) : कहा जाता है कि विकास का रास्ता सड़कों से होकर गुजरता है। किसी भी गांव, शहर के विकास में सड़कों की महत्त्वपूर्ण भूमिका रहती है लेकिन सड़कों के निर्माण में लेटलतीफी और घटिया निर्माण लोगों की परेशानी का सबब बन जाता है।

ताजा मामला हरदोई जनपद के विकासखंड कछौना की ग्राम पंचायत गाजू का है। जहाँ ग्राम पंचायत के उपग्राम (मजरा) फत्तेपुर से नरपतखेड़ा (गाजू हॉल्ट रेलवे स्टेशन) तक लगभग दो माह पूर्व ही बनी सड़क (दूरी लगभग दो किलोमीटर) अभी से ही उखड़ने लगी है। सड़क के निर्माण की हालत इतने निम्न व घटिया स्तर की है कि उंगली से सड़क को खोदा जा सकता है। सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी व गुणवत्ताविहीन निर्माण से सड़क अभी से उखड़ना शुरू हो गई है। विभागीय अधिकारियों व संबंधित ठेकेदार/कार्यदायी संस्था/फर्म की खाऊ-कमाऊ नीति व कमीशनखोरी के चलते सड़क पूरी तरह से भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है।

बताते चलें कि फत्तेपुर से नरपतखेड़ा तक पीडब्ल्यूडी द्वारा कुछ माह पूर्व ही कार्यदायी संस्था/फर्म बिजेंद्र सिंह कॉण्ट्रैक्टर द्वारा लगभग दो किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया गया है। सड़क निर्माण में घोर अनियमितताओं व मानकों को ताक पर रखकर निर्माण करने को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों व कॉण्ट्रैक्टर संदीप सिंह को दोषी ठहराते हुए जिलाधिकारी, मुख्य सचिव व मुख्यमंत्री को लिखित शिकायत करते हुए संबंधित पर कार्यवाई व सड़क के पुननिर्माण की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण में व्यापक पैमाने पर धांधली की गई है। पूरी लागत ना लगाकर बंदरबांट करते हुए बजट को ठिकाने लगाया गया है। जब सड़क की अभी से ही ये हालत है तो आगे एक-दो महीने में और भी बुरी हालत में पहुंच जाएगी। सड़क पर बजरी उखड़ने से आए दिन राहगीर गिरकर चुटहिल होते रहते हैं। सड़क निर्माण के समय ही ग्रामीणों द्वारा घटिया निर्माण पर विरोध करने पर ठेकेदार दबंगई पर ऊतारू हो जाता था। विरोध प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि एक लंबे अरसे बाद सड़क दोबारा बनाई गई है इसलिए सड़क निर्माण में किसी तरह की लापरवाही व भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेंगे। सड़क को ठीक ना कराए जाने की दशा में ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।

उक्त प्रकरण के संबंध में जब पीडब्ल्यूडी के एक्श.ई.एन. ए.के.दिवाकर से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनकी ओर से फोन रिसीव नहीं हुआ। वहीं संबंधित जेई प्रदीप भारती ने बताया कि ठेकेदार को इस संबंध में कड़ाई से निर्देशित किया गया है। घटिया निर्माण को सही कराया जाएगा।

रिपोर्ट ➖ एस.बी.सिंह सेंगऱ