अत्यधिक खतरे वाले ग्यारह देशों से आने वाले शरणार्थियों पर लगे प्रतिबंध को अमरीका ने हटाने की घोषणा की है । लेकिन साथ ही शर्त रखी है कि जो लोग अमरीका आना चाहते हैं, उन्हें पहले की अपेक्षा और कड़ी छानबीन से गुजरना होगा । प्रवेश के पहले इस बात का आकलन किया जाएगा कि आने वाले शरणार्थियों से अमरीका को कोई खतरा तो नहीं है।
ट्रंप प्रशासन ने पिछले वर्ष अक्टूबर में मुस्लिम बहुल दस राष्ट्रों और उत्तर कोरिया से आने वाले शरणार्थियों पर प्रतिबंध लगा दिया था। इन ग्यारह देशों का अधिकारिक रूप से नाम नहीं लिया गया है, लेकिन शरणार्थी समूहों के अनुसार इनमें मिस्र, ईरान, इराक, लीबिया, माली, सोमालिया, सुडान, दक्षिण सुडान, सीरिया, यमन और उत्तर कोरिया शामिल हैं। राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद अमरीका की आव्रजन नीति को कठोर बनाया गया है।