आरएसएस की पैदाइश हैं अन्ना, मुलायम को बताया धृतराष्ट्र

हरदोई (05 फरवरी)- प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के प्रदेश प्रवक्ता ओमप्रकाश यादव व प्रदेश सचिव वीरेन्द्र कुमार मौर्य ने संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता की। जिसमें उन्होने गठबंधन पर निशाना तो साधा ही लेकिन आधुनिक दौर के सियासी क्रियाकलापों पर भी तंज कसे। इतना ही नहीं उन्होने अनशन कर रहे अन्ना हजारे को आरएसएस की पैदाइश बताया तो मुलायम का आशीर्वाद साथ होने की बात कहते हुए उनको महाभारत काल के धृतराष्ट्र का दर्जा दे दिया।

मंगलवार को रेलवेगंज में पार्टी कार्यालय पर बतौर मुख्य अतिथि पधारे प्रसपा के प्रदेश प्रवक्ता ओमप्रकाश यादव का पार्टी जिलाध्यक्ष रामू कश्यप ने शॉल ओढ़ाकर जोरदार स्वागत किया। इसके साथ ही प्रदेश महासचिव वीरेन्द्र कुमार मौर्य के प्रति कृतज्ञता दर्शाई। इसके बाद आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश सचिव व प्रवक्ता ने पत्रकारों के एक-एक सवाल का बेहद तीखे लहजे में जवाब दिया। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होने कहा कि उनकी पार्टी गरीब, किसानों, नौजवानों के हित और सम्मान के लिए बनाई गई। किसान, नौजवान, बेरोजगार, गरीब की मदद में पार्टी कोई भी कोर कसर नहीं छोड़ेगी। इसके लिए बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव प्रयासरत हैं। उन्होने कहा कि भाजपा की सरकार में आज हर जगह त्राहि-त्राहि मची हुई है। हर तबका भाजपा की तानाशाही से तंग आ चुका है। इतना ही नहीं भाजपा सीबीआई जैसी एजेंसियों को अपने दबाव में कार्य करवा रही है। इसके साथ ही कहा कि ममता बनर्जी ने भाजपा की ओर से खुन्नस में भेजी गई सीबीआई टीम को गिरफ्तार करवाकर कोई गलत काम नहीं किया। वह ममता का समर्थन करते हैं।

उन्होनें कहा कि पार्टी नौजवानों, किसानों के हितों को दृष्टिगत रखते हुए आगामी लोस चुनाव में भी अपने प्रत्याशी को मैदान में उतारेगी। इसके साथ ही उन्होने कहा कि सपा-बसपा गठबंधन अगर न होता तो शायद ही भाजपा को मात मिल सकती थी लेकिन सपा-बसपा गठबंधन भाजपा का कुछ नहीं बिगाड़ सकता। हालांकि श्री यादव व मौर्य ने कहा कि मुलायम सिंह यादव को वह अपनी पार्टी का संरक्षक मानते हैं लेकिन फिर भी मुलायम सिंह पुत्र मोह छोड़ नहीं पा रहे हैं। ऐसे में उनको धृतराष्ट्र कहना भी अतिशयोक्ति नहीं होगा। हालांकि आदित्य यादव पहले ही प्रसपा को पांडवों की सेना बता चुके हैं। अन्ना के अनशन पर भी सवाल खड़े करते हुए बताया कि जब-जब लोस चुनाव करीब आता है तो अन्ना जी का अनशन शुरू हो जाता है। इसपर चुटकी लेते हुए कहा कि आखिर अन्ना भी तो आरएसएस की ही पैदाइश हैं। कहा कि आज किसानों व नौजवानों, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार की रोकथाम पर सरकार फेल हैं। इसके लिए प्रसपा की ओर से सूबे के सभी जनपदों में बुधवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए एक 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन राज्यपाल को संबोधित डीएम को दिया जाएगा। आज यह कार्यक्रम तिकोनिया पार्क के समीप करीब 1 बजे संपन्न होगा। प्रेसवार्ता के दौरान प्रसपा जिलाध्यक्ष रामू कश्यप, जिला उपाध्यक्ष फूलचन्द्र वर्मा, राहुल गुप्ता, मीडिया प्रभारी शिवम् मिश्रा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। मनोनयन हरदोई। प्रसपा पार्टी की ओर से विकास खंड हरियांवा के मदरावां गांव निवासी अभिनव सिंह पुत्र कृष्ण कुमार सिंह को पार्टी का ब्लाक अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता ने उनको बधाई दी है।