पुलिस अधीक्षक ने किया कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण

कछौना, हरदोई। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने कोतवाली कछौना का वार्षिक निरीक्षण किया। कोतवाली पहुंचने पर सर्वप्रथम गार्ड द्वारा पुलिस अधीक्षक हरदोई को सलामी के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली में रखे अभिलेखों, कंप्यूटर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मालखाना, शस्त्रागार, बन्दीगृह, बंदी, मेस, जलपान की व्यवस्था, सीज किए गए वाहनों के रखरखाव, महिला हेल्प डेस्क, बैरक व थाने पर रखे सभी असलाह को चेक किया एवं थाना परिसर की साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया। कोतवाली में मौजूद सरकारी वाहनों के रखरखाव व उनकी साफ-सफाई पर ध्यान केंद्रित करने हेतु संबंधित को निर्देश दिए। एसपी ने प्राथमिक उपचार के लिए रखे फर्स्ट एड बॉक्स किट को चेक किया।

कोतवाली पर आयोजित सैनिक सम्मेलन में सभी अधिकारी/कर्मचारियों की समस्यायों को सुना। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली परिसर में पुलिसकर्मियों के लिए बनी दो बैरिको की औपचारिक शुरुआत की गयी। कोतवाली परिसर में बैडमिंटन कोर्ट का उद्धघाटन किया गया तथा पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगणों को शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रहने के लिए व्यायाम करने व अभिरुचि के अनुसार कोई भी खेल खेलने हेतु प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारीगणों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराध रजिस्टर के साथ-साथ बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि माफियाओं के खिलाफ गैंग्स्टर एक्ट के तहत उनकी संपत्ति को जब्त करते हुए उन्हें नेस्तनाबूद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए पुलिस बल तैयार है और इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जा रही है। वहीं अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को दिशानिर्देश देते हुए कहा कि आगामी होली के त्योहार पर निकलने वाले जुलूस में सालधानी बरतें व अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखकर जुलूस को शांति पूर्वक संपन्न कराएं। यदि कोई जुलूस के दौरान अराजकता फैलाने की कोशिश करें तो उसके खिलाफ तत्काल उचित कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी बघौली विकास जयसवाल, प्रभारी निरीक्षक थाना कछौना सन्दीप कुमार सिंह सहित कोतवाली के समस्त स्टाफ मौजूद रहें।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता