नगर में विचरण कर रहे छुट्टा गौवंशों को संरक्षित करने हेतु जिलाधिकारी से गुहार

कछौना(हरदोई): कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत कछौना पतसेनी में विचरण कर रहे छुट्टा गौवंशों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता कालेन्द्र सिंह ने जिलाधिकारी से पत्र के माध्यम से शिकायत की है, शिकायतकर्ता ने दिये गए पत्र में बताया है कि नगर में छुट्टा गौवंशों की ज्वलंत समस्या है। सैकड़ों की संख्या में गौवंश सरकारी कार्यालयों, मुख्य चौराहों, मुख्य मार्गों व गलियों में दिन-रात विचरण करते हैं। यह गौवंश आसपास के ग्राम सभा कछौना देहात व पतसेनी देहात के बीच के नगर की सीमा में आ जाते हैं। गौवंशों को सड़क पर विचरण करने के कारण आए दिन राहगीर चुटहिल होते हैं, वही रेलवे लाइन की पटरियों पर जाने से गौवंशों की असमय मृत्यु हो रहीं हैं। जिससे रेल संचालन में भी दिक्कत होती है, कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

वर्तमान में शीतलहर के कारण भी गौवंश काफी संख्या में मृत्यु के घाट उतार रहे हैं। वहीं छुट्टा गौवंश इलाज के अभाव में तड़प तड़प कर मरने को विवश हैं। इस ज्वलंत समस्या से राहगीरों को निजात दिलाने हेतु गौआश्रय स्थलों में संरक्षित करने के लिए अधिशासी अधिकारी, खंड विकास व पशु चिकित्सा अधिकारी से वार्ता की लेकिन इन्होंने ध्यान देना मुनासिब नहीं समझा। शिकायतकर्ता ने जिला अधिकारी से छुट्टा गौवंशों को संरक्षण अभियान के तहत गौआश्रय स्थलों में संरक्षित करने की गुहार लगाई है।

रिपोर्ट- पी०डी० गुप्ता