अंतरिक्ष, विज्ञान तथा तकनीक नागरिक उड्डयन, साइबर सुरक्षा, तेल और गैस, सूचना और प्रसारण तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में भारत और इस्राइल ने 9 समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं । ये समझौते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंयामिन नेतन्याहू के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद हुए । दोनों नेताओं ने व्यापार, नवाचार, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई, रक्षा सहयोग, कृषि तथा जल संरक्षण के कई मुद्दों पर भी चर्चा की ।
प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद अपने प्रारंभिक बयान में श्री मोदी ने इस्राइली रक्षा उपकरण निर्माता कंपनियों को भारतीय कंपनियों के साथ मिलकर उत्पादन करने और उदार प्रत्यक्ष विदेशी निवेश व्यवस्था से लाभ उठाने को आमंत्रित किया । श्री मोदी ने कहा कि दोनों राष्ट्र विज्ञान और तकनीकी, कृषि तथा सुरक्षा के क्षेत्र में वर्तमान सहयोग को और मजबूत करेंगे । प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश फिल्म, तेल और गैस, साइबर सुरक्षा तथा स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने का प्रयास करेंगे । प्रधानमंत्री ने कहा कि शीघ्र ही इस्राइल में भारतीय संस्कृति केन्द्र खोला जायेगा ।
श्री नेतन्याहू ने अपने बयान में कहा कि भारत और इस्राइल मुम्बई आतंकी हमले की दुखद घटना को हमेशा याद रखेंगे । दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ कभी न झुकते हुए संघर्ष जारी रखेंगे । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को श्री नेतन्याहू ने एक क्रांतिकारी नेता बताया । उन्होंने कहा आप एक क्रांतिकारी नेता हैं । विचारणीय है कि भारत और इस्राइल का हजारों साल पुराना इतिहास रहा है फिर भी आप से पहले किसी भी भारतीय नेता ने इस्राइल की यात्रा नहीं की । आप पहले भारतीय नेता हैं जिन्होंने इस्राइल की यात्रा की है । आप देश को उज्जवल भविष्य की तरफ ले जा रहे हैं ।