वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कल कर्नाटक के तुमकुरू में युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार देश की शिक्षा प्रणाली में सुधार करने के लिए मिशन के रूप में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत सबसे युवा आबादी वाला देश है और इसे शिक्षा के लिए विश्व स्तर का बुनियादी ढांचा चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं को अपने जीवन का उद्देश्य मालूम होना चाहिए। हमें एक संकल्प तय करके उस पर अपना जीवन न्यौछावर कर देना चाहिए। आज हजारों युवाओं के बीच में आप सभी से ये प्रश्न करना चाहता हूं कि एक संकल्प क्या होना चाहिए। कई बार मैं देखता हूं किसी युवा से अचानक पूछा जाए कि उसके जीवन का लक्ष्य क्या है तो वह सीधा उत्तर नहीं दे पाता है। वो अपने उद्देश्य और जीवन को लेकर ही द्वंद की स्थिति में है। साथियों हमारे जीवन में जब संकल्प और लक्ष्य स्पष्ट होंगे तभी हम कुछ सिद्ध भी कर पायेंगे। देश को मानवता को कुछ दे पायेंगे। श्री मोदी ने कहा कि अटल नवाचार मिशन ऐसा ही कार्यक्रम है, जो युवाओं के विचारों को नवाचार में बदलता है। स्कूलों में कम उम्र के बच्चों के विचारों को इनोवेशन में बदलने के लिए सरकार ने अटल इनोवेशन मिशन की शुरूआत की है। ऐम अब तक देशभर में दो हजार चार सौ से ज्यादा अटल टिंकरिंग लैब को स्वीकृति दी जा चुकी है।