यमुना नदी को लेकर भाजपा ने अरविन्द केजरीवाल की आलोचना की

भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में यमुना नदी की सफाई में विफल रहने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आलोचना की। आज नई दिल्‍ली में पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश भाजपा नेता और सांसद मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि श्री केजरीवाल ने यमुना की सफाई के झूठे दावे किए हैं। मनोज तिवारी ने कहा कि उन्होंने पार्टी सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा के साथ छठ पूजा से पहले कालिंदीकुंज घाट पर यमुना में प्रदूषण के स्तर का जायजा लिया, जहां उन्हें पानी पर जहरीले झाग की मोटी परत मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि जहरीले झाग को हटाने के लिए कुछ लोगों ने नदी में एक बहुत ही जहरीला रसायन डाला था, जो उन्हें देखते ही भाग निकले। श्री तिवारी ने कहा कि उन्होंने पुलिस को फोन किया और इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई। श्री तिवारी ने केजरीवाल पर झूठे वादे करने का आरोप लगाया।

इस बीच, भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने आरोप लगाया कि श्री केजरीवाल ने केवल यमुना में प्रदूषण के स्तर को कवर करने के लिए केवल गाजीपुर लैंडफिल साइट का ही दौरा किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम कचरा प्रबंधन पर अच्छा काम कर रहा है।