पंजाब और चंडीगढ़ में तेज आंधी और बारिश

पंजाब और चंडीगढ़ सहित आस-पास के क्षेत्रों में आज तेज आंधी और बारिश आई। लुधियाना और फगवाड़ा में भी धूलभरी आंधी के साथ बौछार हुई। दोपहर के समय कई जगहों पर अंधेरा छा गया। बिजली आपूर्ति में बाधा और पेड़ों के उखड़ जाने की भी खबर है। अमृतसर में सामान्य से दो डिग्री अधिक 40 दशमलव एक डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। हिसार में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4 अंक अधिक है।

उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती है, जबकि जबकि राजस्थान के कुछ भागों में धूल भरी हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने आज बताया कि तीन पहाड़ी राज्यों में कल से नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण होने वाली तूफानी बारिश का असर उत्तरी भारत के मैदानी इलाकों पर भी होगा।