हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक दलों का प्रचार अभियान तेज

हिमाचलप्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों-भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। भाजपा के विजय संकल्प अभियान के 32 स्टार प्रचारक विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव सभाएं कर रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने लाहौल-स्पीति जिले के केलांग में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में बहुत विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने रिकॉर्ड 6 वर्षों में रोहतांग में अटल सुरंग  राज्य को समर्पित की। श्री नड्डा कुल्लू और मनाली में भी चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।

भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने हिमाचल प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्‍होंने दावा किया कि भाजपा भारी बहुमत से जीतकर सत्ता में वापस आएगी।

उधर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी कल मंडी में जनसभा को संबोधित करेंगी। पार्टी के कई शीर्ष नेता भी इस सप्ताह चुनावी रैलियां करेंगे।

राज्य में 12 नवंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 8 दिसंबर को होगी।