आज अमृतसर में कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से मुलाकात की । बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने पंजाब और कनाडा के संबंधों तथा कृषि, सेवा क्षेत्र और डेयरी उद्योग से संबंधित विषयों पर चर्चा की । मुख्यमंत्री ने बताया कि उच्च शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और प्रौद्योगिकी, नवाचार तथा स्टार्ट अप और कौशल विकास जैसे कुछ क्षेत्र हैं, जिनमें पंजाब के विकास में कनाडा योगदान दे सकता है ।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने चर्चा के दौरान खालिस्तान का मुद्दा भी उठाया । उन्होंने कहा कि कनाडा के प्रधानमंत्री को वहां बसे ऐसे लोगों की सूची दी गई है, जो आतंकवादी गतिविधियों के लिए धन और हथियार देकर पंजाब में तोड़-फोड़ की घटनाओं में शामिल रहे हैं । मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री ट्रूडो ने उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया, जो कनाडा की भूमि का इस्तेमाल पंजाब के खिलाफ करते रहे हैं । इससे पहले, श्री ट्रूडो और उनके परिवार ने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर का दौरा किया और वहां की सामुदायिक रसोई में कारसेवा भी की ।