अखिलेश यादव का ट्वीट लिखा दयाराम बोलकर आशाराम के घर खाना खा आए सीएम योगी

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्षअखिलेश यादव ने एक बार फिर योगी सरकार को टारगेट करते हुए ट्वीट किया है। अखिलेश यादव ने ट्वीट किया है कि ‘मुख्यमंत्री जी को पट्टी पढ़ा दी गयी और आशाराम के घर को बना दिया गया दयाराम का घर। अब तक ‘आयाराम-गयाराम’ ही चलता था, अब इस सरकार के दौर में ‘आशाराम-दयाराम’ का नया चलन शुरू हुआ है।’

बता दें कि पिछले दिनों योगी आदित्यनाथ प्रतापगढ़ के दौरे पर गए थे। वहां उन्होंने एक दलित के घर पर भोजन किया था। इस मामले में तब नया मोड़ आया जब इसमें अखिलेश यादव ने ट्वीट कर तंज किया। अखिलेश यादव ने यह ट्वीट एक अखबार का खबर का हवाला देते हुए किया है।

एक अखबार के हवाले से पूरा मामला यह था कि सीएम योगी आदित्यानाथ ने जिस घर में भोजन किया था उनका नाम दयाराम सरोज बताया गया था जबकि वह घर उनके भाई आशाराम का था जो एक लेखपाल हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक सीएम योगी को आशाराम के घर ही भोजन करना था लेकिन ग्रामीणों ने उनके सरकारी कर्मचारी होने से इसका विरोध किया था। अधिकारियों ने ग्रामीणों के विरोध के चलते दयाराम सरोज के घर ही सीएम को भोजन कराने की योजना बनाई लेकिन भोजन लेखपाल आशाराम के घर पर ही कराया गया। सीएम के लिए सभी इंतजाम करने का जिम्मा दयाराम को सौंपा गया और उनके परिवार को वहीं बुला लिया गया। ग्रामीणों ने क्यों किया विरोध इस पर ग्रामीणों का कहना था कि करोड़पति लेखपाल आशाराम के घर सीएम नहीं रुकेंगे। इसके बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि सीएम लेखपाल आशाराम के घर नहीं, उनके भाई दयाराम के घर भोजन करेंगे। लेखपाल आशाराम और उनके भाई दयाराम के अलग-अलग घर हैं।
दयाराम के घर भोजन की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ लेकिन सीएम ने भोजन लेखपाल आशाराम के आलीशान मकान में ही किया। सीएम के कार्यक्रम के दौरान लेखपाल की ड्यूटी भी लगा दी गई ताकि ऐसा लगे कि सीएम दयाराम के घर ही भोजन करने जा रहे हैं लेकिन मंगलवार को इस बात का खुलासा हुआ कि सीएम ने आशाराम के घर ही भोजन किया था। इस पर अखिलेश यादव ने मौका पाकर सीएम योगी को ट्वीट कर तंज कस दिया ।