ट्रेन को बेपटरी करने की साजिश नाकाम, ड्राईवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा होते बचा

               बघौली थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 153/121 डाउन रेल लाइन पर अराजक तत्वों ने रेलपटरी पर पत्थर रखकर ट्रेन को डिरेल करने का प्रयास किया। संयोगवश उसी समय अपलाइन पर एक गाड़ी गुजर गई जिसके चालक ने पत्थर देख लिया तो मामले की जानकारी कंट्रोल रूम को दी जिसके बाद से हड़कंप मच गया। आनन फानन में पहुंचे अधिकारियों ने पत्थर रेल लाइन से हटाया जिसके बाद राहत की सांस ली। इस कारण असामाजिक तत्वों की कोशिश नाकाम हो गई।
               घटना के संबंध में बताया जाता है कि आरएलएचएम गाड़ी के ड्राईवर ने पत्थर देख लिया तो मामले की जानकारी कंट्रोल रूम को दी ।  इस मामले में सीनियर सेक्सन इंजीनियर बालामऊ जितेंद्र सिंह ने बघौली थाने में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि जांच के दौरान किसी भी ट्रेन का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ। पटरी पर पत्थर रखने की करतूत किसी अराजकतत्व की है। आसपास गांव के जनप्रतिनिधि व ग्रामीणों को घटना पर नजर रखने को कहा गया है। आरपीएफ द्वारा पटरी पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मामले की छानबीन की जा रही है।