- 63 जोड़ों का हुआ विवाह 7 जोड़ों का हुआ निकाह ।
- वैदिकमन्त्रों के बीच विवाह काजी ने पढ़ाया निकाह ।
जुनून सा बस जाए दिल में, हौसला बुलंद जब हो जाए। निकल पड़े मंजिल को हम, हर कोई पीछे चला आए…यह पंक्तियां पूर्व आईएएस और हरदोई में डीएम रहे अमिय कृष्ण चर्तुवेदी पर सटीक बैठती हैं, जिन्होंने गरीब बालिकाओं के विवाह का बीड़ा उठाया तो अकेले ही उठाया था लेकिन आज उनका कारवां यानी वरदान चैरिटेबिल ट्रस्ट जिले के लगभग 1000 परिवारों के लिए वरदान साबित हो चुका है। यह ट्रस्ट जिले के लोगों के लिए आजाद हिंदुस्तान का असल नायक बनकर प्रेरणास्रोत बन चुका है।रविवार को 63 जोड़े इसी ट्रस्ट के तत्वाधान में सामूहिक विवाह के बंधन में वैदिक रीति रिवाजों व मंत्रोच्चार के बीच परिणय सूत्र में बंधे तो 7 जोड़ों का निकाह भी हुआ।
हरदोई में वर्ष 2001 में सेवानिवृत्त आईएएस अमिय कृष्ण चर्तुवेदी ने जिले में इस ट्रस्ट की नींव रखी और गरीब परिवारों के लिए एक नायक की भूमिका में नजर आने लगे। साथ ही जिलेवासियों के लिए प्रेरणास्रोत भी बनें। ट्रस्ट के जरिए अब तक करीब 500 दहेजरहित विवाह व निकाह कराए जा चुके हैं। यानी लगभग 1000 परिवारों के लिए यह ट्रस्ट वरदान साबित हुआ है। वरदान ट्रस्ट मंडल में शामिल अरुणेश बाजपेई ने बताया कि ट्रस्ट अपने सीमित साधनों से सामूहिक विवाह कराता है। वर-वधू को यथोचित उपहार भी दिए जाते हैं। विवाह, गायत्री परंपरा के अनुसार तो निकाह, शहर के मुख्य काजी द्वारा विधि विधान से कराए जाते हैं। इसमें दहेज का बंधन नहीं है।
वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट, हरदोई के तत्वावधान में रविवार 29 अप्रैल 2018 को सामूहिक विवाह समारोह आयोजित हुआ।मुख्य अतिथि मनोज सिंह प्रमुख सचिव समाज कल्याण रहे।आयोजन में मुख्य अतिथि नये जोड़ों को आशीर्वाद दिया। साथ में यह भी कहा कि वरदान ट्रस्ट अपने नाम के अनुरुप काम कर रहा है। वरदान के आयोजन से अन्य संस्थाओं को प्रेरणा लेकर सामूहिक विवाह के कार्यक्रम आयोजित करने चाहिए। इसके पहले दीप जलाकर समारोह की शुरुआत की।कहा कि सामूहिक विवाह के आयोजन में शामिल होकर कन्या पक्ष के लोग फिजूलखर्ची और दिखावा से बच सकते हैं।
विवाह से पूर्व बरात में शामिल लोग ढोल नगाड़े की धुन के बीच नाचते, गाते गांधी भवन से चल कर विवाह स्थल घंटाघर पहुंचे।जहां सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह के दौरान रविवार को घंटाघर में 70 जोड़े एक दूजे के हो गए।इनमें 63 दंपतियों का विवाह ¨हदू रीति-रिवाज के अनुसार गायत्री विधि से अतुल कपूर और उनकी टीम द्वारा अलग-अलग वेदियों पर वेदमंत्रों के साथ संपन्न कराया गया वहीं 7 मुस्लिमों का निकाह अलग पंडाल में फखरूल इस्लाम की देखरेख में शहर काजी द्वारा संपन्न कराए कराया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट की स्मारिका का विमोचन हुआ। अतिथियों के साथ अनेक गणमान्य नागरिकों ने वर-वधुओं को आर्शीवाद प्रदान किया।वर-वधुओं को ट्रस्ट की ओर से कपड़ों, बर्तनों , जेवरों तथा अन्य उपहारों का भी वितरण किया गया।