कांग्रेस ने कहा है कि सरकार राफेल सौदे के मुद्दे पर सच नहीं बोल रही

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी के सांसदों से आम बजट में घोषित योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने को कहा है। भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद नई दिल्‍ली में श्री अनंत कुमार ने श्री मोदी के हवाले से कहा कि प्रधानमंत्री ने बजट को बहुत ही सकारात्‍मक बताया।

माननीय प्रधानमंत्री जी ने कहा इस बार का बजट हर बार के जैसे पॉजिटिव बजट है। विशेष तौर पर किसान के लिए और गरीब, अति गरीब, निम्‍न मध्‍यम वर्गीय ऐसे सामान्‍य जनता के लिए उनके स्‍वास्‍थ्‍य सुरक्षा के लिए जो योजनाएं हैं वो पूरा देश भर में पहुंचाना चाहिए। संसद में कांग्रेस सांसदों के बर्ताव के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में श्री कुमार ने कहा कि उनका व्‍यवहार असंसदीय था। श्री अनंत कुमार ने बताया कि बैठक में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि राफेल सौदे से संबंधित कई बातें सार्वजनिक की जा चुकी हैं और सौदे के सभी पहलुओं पर चर्चा करना सही नहीं है। उधर, कांग्रेस ने कहा है कि सरकार रफाल सौदे के मुद्दे पर सच नहीं बोल रही है। नई दिल्ली में पार्टी प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि सरकार को लड़ाकू विमान रफाल सौदों की कीमत की जानकारी देनी चाहिए।