राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए सरकार केन्द्र में चार साल पूरे करने जा रही है। सरकार ने डिजिटल इंडिया के जरिए बिचौलियों को समाप्त कर 90 हजार करोड़ रुपये की बचत की है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना टेक्नोलोजी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सरकार डिजिटल इंडिया को जन आंदोलन बनाना चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल इंडिया परिवर्तन का कार्यक्रम है जिससे देश के आम आदमी का टेक्नोलोजी के माध्यम से सशक्तीकरण होता है।
डिजिटल इंडिया एक बदलाव का कार्यक्रम है जो टैक्नोलोजी के माध्यम से आम हिन्दुस्तानी को मजबूत करने का साधन है। एक सौ तीस करोड़ के हिन्दुस्तान में एक सौ इक्कीस करोड़ मोबाइल फोन हैं, एक सौ इक्कीस करोड़ आधार हैं और पचास करोड़ इंटरनेट हैं। अब आज डिजिटल डिलीवरी ऑफ सर्विसिस हैं। आज देश के लगभग 331 अस्पताल ई- हॉस्पीटल है, जिनको आप फोन से अपना अपॉइंटमेंट ले सकते हैं। डिजिटल इंडिया एक उदयीमान भारत का एक कार्यक्रम है और गरीबों को विकास के रास्ते पर लाने का एक प्लेटफार्म है डिजिटल इंडिया। श्री प्रसाद ने कहा कि आधार से गरीबों का सबसे अधिक सशक्तीकरण हुआ है। उन्होंने कहा कि आधार अत्यंत सुरक्षा वाली प्रणाली पर आधारित है।