आज बेंगलुरू में पत्रकारों से बात करते हुए श्री जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस हताशा में काम कर रही है और सत्ता में आने के लिए कर्नाटक में अपने कुछ विधायकों के फर्जी हस्ताक्षर कर झूठे दावे पेश कर रही है। केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि लगता है कि कांग्रेस और जनता दल सेक्युलर द्वारा सौंपी गई 117 विधायकों की सूची में कुछ नाम फर्जी हैं। उन्होंने पार्टी विधायकों को बंद करने और उनके फोन इस्तेमाल करने पर रोक लगाने के लिए कांग्रेस की आलोचना की।
कांग्रेस और जनता दल सेक्युलर ने भाजपा पर उनके विधायकों को खरीदने का प्रयास करने का आरोप लगाया। कांग्रेस और जेडीएस में यह भय पैदा हो गया है कि उनके विधायक बीजेपी को न समर्थन दे दें। इसलिए काफी सतर्कता बरती जा रही है। कांग्रेस ने अपने विधायकों को निजी रिजॉर्ट में संभाल कर रखा है और जे.डी.एस. अपने विधायकों को केरल ले जा रहा है। इस बीच आज मुख्यमंत्री येडियुरप्पा ने कई पुलिस अफसरों का तबादला किया है और कई जिला कलेक्टर्स को भी बदला है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि अगले सप्ताह विश्वासमत का दिनांक तय हो सकता है।