भारतीय जनता पार्टी के नेता बी.एस. येडियुरप्पा ने कर्नाटक के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में आज शपथ ग्रहण की। बेंगलुरू में राजभवन में राज्यपाल वजुभाई वाला ने सवेरे उन्हे पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता अनंत कुमार, प्रकाश जावड़ेकर, धर्मेंद्र प्रधान, जे पी नड्डा और पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक मौजूद थे।
नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री येडियुरप्पा ने विश्वास व्यक्त किया है कि वे राज्यपाल द्वारा दी गई 15 दिन की समयसीमा से पहले ही बहुमत साबित करने में सफल होंगे। इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने राज्य सचिवालय में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरना दिया। श्री सिद्धारमैया ने बताया कि उच्चतम न्यायालय ने भाजपा से कहा है कि वह अपने समर्थक विधायकों की सूची उसे सौंपे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कानूनी लड़ाई जारी रहेगी। इससे पहले आज सवेरे उच्चतम न्यायालय ने श्री येडियुरप्पा के शपथ ग्रहण पर रोक लगाने से इंकार कर दिया। तीन न्यायाधीशों की पीठ ने कहा कि वह इस मामले पर आगे कल सुनवाई करेगी।