आवास योजना में धांधली : अपात्रों को मिल रहा लाभ, पात्र लाभ से वंचित

कछौना (हरदोई) – नगर पंचायत कछौना पतसेनी के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है । आवेदन व सर्वे के आधार पर जारी सूची में बड़ी संख्या में अपात्रों का चयन किया गया है जबकि कई पात्रों का नाम सूची में शामिल नहीं है ।

देश के शहरी और ग्रामीण इलाकों के गरीबों को उनके सिर पर छत मुहैया कराने के लिए केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गई प्रधानमंत्री आवास योजना भी अन्य सरकारी योजनाओं की तरह अनियमितताओं के हिचकोले खाते लड़खड़ाते गिरते पड़ते अपनी मंजिल की ओर बढ़ रही है । आवास योजना में अनियमितताओं का एक मामला हरदोई जिले की नगर पंचायत कछौना पतसेनी से प्रकाश में आया है । भारतीय जनता पार्टी के मंडल कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत प्रशासन पर आवास योजना में धांधली का आरोप लगाया है । भाजपा मंडल अध्यक्ष ब्रह्म कुमार सिंह ने बताया नगर पंचायत कछौना में नगर निकाय चुनाव से पूर्व प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन किए गए थे । लेकिन तत्कालिक जनप्रतिनिधियों ने चुनावी लाभ लेने के लिए नगर पंचायत प्रशासन की मदद से बड़ी संख्या में अपात्रों के आवेदन स्वीकार कर उन पर पुष्टि की मोहर लगा दी थी । जिसके कारण आवेदन के बाद की जारी आवास सूची में बड़ी संख्या में ऐसे लोगों के नाम थे, जो दोपहिया और चार पहिया वाहन स्वामी, परिवार का सदस्य सरकारी नौकरी में, व्यवसायी, पक्के घरों में रहने वाले थे । सूची में तत्कालिक नगर अध्यक्ष के चाचा और वर्तमान नगर अध्यक्ष के पति का नाम शामिल होने से सवालिया निशान खड़े हो गए थे ।

प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्रों को लाभ दिए जाने तथा पात्रों को वंचित किए जाने की लगातार आ रही शिकायतों के कारण केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के आवंटन को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए इसकी प्रक्रिया को डिजिटलाइज कर दिया । जिसके तहत जियोग्राफिकल टैग (भौगोलिक रूप से चिन्हित करना) की नई पहल शुरू की गई है। इसके अन्तर्गत अब जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर के अफसरों को अपनी आइडी से प्रधानमंत्री आवास योजना के एप पर लाभार्थी के मकान की स्थिति को अपलोड करेंगे । गूगल मैप ऐप के माध्यम से इस पर नियंत्रण रखा जायेगा ।

 

प्रधानमंत्री आवास योजना पर केंद्र सरकार द्वारा शिकंजा कसने के बावजूद नगर पंचायत कछौना पतसेनी की ताजा जारी हुई जियो टैग सूची में अपात्रों के नाम शामिल हैं जबकि पात्रों को वंचित रखा गया है । मोहल्ला तिलक नगर निवासी विजय शर्मा जो मिट्टी के बने कच्चे मकान में रहते हैं ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए नगर पंचायत में आवेदन किया था लेकिन पात्र होते हुए भी उनके आवेदन को निरस्त कर दिया गया । जबकि कई अपात्रों के आवेदन स्वीकृत कर लिया गया । वही कछौना बाजार पूर्वी निवासी राकेश पुत्र जालिम ने बताया कि उनका नाम आवेदन के उपरांत की सूची में था परंतु पात्र होने के बावजूद अभी तक उनको योजना का लाभ नहीं मिल सका है ।

आवास योजना की जारी जियो टैग सूची में अपात्रों के चयन के संबंध में जब आवास योजना का सर्वे कर रहे सूडा के अमन प्रताप सिंह से बात हुई तो उन्होंने बताया कि सर्वे के बाद रिपोर्ट नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी द्वारा जाँची जाती है उसके बाद ही उसे आगे भेजा जाता है । इस बाबत जब नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विंध्याचल से बात हुई तो उन्होंने बताया कि तहसील व जिला स्तर के अधिकारियों के द्वारा जाँच और पुष्टि के बाद ही आवास की सूची जारी की गई है । सर्वे कई चरणों में किया जाना है जिसके बाद अन्य सूचियां भी जारी होंगी ।

 

भाजपा मंडल महामंत्री अनूप दीक्षित ने बताया कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना में हो रही धांधली को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । जियो टैग सूची में अपात्रों के चयन को निरस्त और पात्रों को शामिल करने के लिए मंडल भाजपा टीम जल्द ही जिलाधिकारी को जल्द ही पत्र लिखेगी । भाजपा मंडल अध्यक्ष ब्रम्ह कुमार सिंह ने बताया की गलत तरीके से अपात्रों का चयन करने वाले अधिकारियों पर भी कार्यवाही होगी ।