रामू बाजपेयी-
पाली (हरदोई) – बुधवार को गाँव भरखनी के ग्रामीणों ने अन्ना पशुओं से त्रस्त होकर आखिरकार सैकड़ों गोवंश को खदेड़ कर भरखनी ब्लाक मुख्यालय में बंद कर ताला लगा दिया । जिसकी सूचना लगते ही विभागीय कर्मचारियों में अफरातफरी मच गयी।

आपको बता दें कि इलाके मे आवारा पशुओं का ऐसा आतंक है कि महंगे खाद बीज और हाड़तोड मेहनत कर तैयार की गयी फसलों को मटियामेट करने व अपने खून पसीने की कमाई को बर्बाद करने पर आमादा अन्ना पशुओं से बचाने के लिए किसानों को कड़ाके की ठंड व घनघोर अंधेरी रात में पूरी रात अपने खेतों में पहरा देना पड़ता है । जिससे परेशान कई गांवों के किसानों ने एकजुट होकर बुधवार की सुबह को सैकड़ों गोवंशो को खदेड़ कर खंड विकास अधिकारी विद्याशंकर कटियार की उपस्थिति में ब्लॉक मुख्यालय परिसर में बंद कर मेन गेट में ताला लगा कर धरने पर बैठ गए और जिलाधिकारी को बुलाने की बात कहने लगे ।
सूचना पर अपने पूरे दलबल के साथ पहुंचे थाना अध्यक्ष डीपी सिंह व पचदेवरा पुलिस और उप जिलाधिकारी सवायजपुर ने कड़ी मशक्कत कर किसानों को समझा-बुझाकर धरना समाप्त कराया । उसके पश्चात बंद सभी गोवंशो को ट्रैक्टर ट्राली से अलग-अलग गोशालाओं में पहुंचाया । तत्पश्चात प्रशासन ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों की मानें तो आवारा पशुओं का आतंक अपने चरम पर है । सैकड़ो की संख्या में आवारा जानवर जिस खेत से गुजर जाते है उस खेत की फसल खराब हो जाती है । जिससे उनको काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है । इसी से त्रस्त होकर आज ये कदम उठाना पड़ा।