मैं अपने मूल नाम पृथ्वीनाथ पाण्डेय से पूर्व लगे ‘डॉ०’ शब्द का प्रयोग नहीं करने की घोषणा करता हूँ; क्योंकि जिस तरह से ‘नेता’ शब्द जाहिलों के साथ जुड़ता आ रहा है वैसे ही ‘डॉ०’ की शैक्षिक उपाधि अब ‘अयोग्यता’ के साथ जुड़ती आ रही है। इसे मैंने हाल ही में सोलन, हिमाचलप्रदेश में आयोजित एक समारोह में गम्भीरतापूर्वक अनुभव किया है।
वैसे दशकों से ‘डॉ०’ शब्द से पीछा छुड़ाना चाह रहा था। ऐसा इसलिए भी कि तुलना-स्तर पर यदि देखा-समझा जाये तो ज्ञात होगा कि पहले मूल्यसाध्य, श्रमसाध्य, कष्टसाध्य, प्रबन्धनसाध्य तथा संवेदनासाध्य शोधकर्म होते थे; तब शोधकर्म के लिए विद्यार्थी संकल्पबद्ध होता था; तथ्य अर्जित करने के लिए परिश्रम करता था; परन्तु वर्तमान में जिस प्रकार से जिन लोग के अन्तर्गत शोधकर्म किये जा रहे हैं और जो लोग शोधकर्म के परीक्षक होते हैं, उनमें से ९५ प्रतिशत “डंके की चोट पर” अयोग्य और कुपात्र हैं। इसे मैं सिद्ध भी कर सकता हूँ। अब कुपात्रों-द्वारा हथियाये जा रहे उपाधि, मान-सम्मान, पुरस्कारादिक से स्वयं को सदा के लिए सुदूर करना चाहता हूँ। मेरे पास जो भी ‘ठोस’ अल्प ज्ञान है, वही मेरा आधार है; कभी परमुखापेक्षी रहा ही नहीं।
(सर्वाधिकार सुरक्षित– पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; ३ मार्च, २०२० ईसवी)