बघौली, हरदोई। रंगों का पर्व होली के अवसर पर शराब सेवन के बढ़ते चलन के कारण हर वर्ष सड़क दुर्घटनाओं समेत हिंसा की घटनाओं/हत्या का होना आम हो गया है। इस वर्ष भी होली के दिन शराब के कारण दो दोस्तों में विवाद हो गया, जिसमें एक युवक की गला दबाकर हत्या कर दी है।
बतातें चलें ग्राम कुशालपुर निवासी दो युवक जसकरन व ज्ञानप्रकाश के बीच चौहानखेड़ा-कुशालपुर मार्ग पर बीती रात गांव के बाहर शराब के नशे में विवाद हो गया, जिसमें ज्ञान प्रकाश उर्फ छोटू पुत्र रामस्वरूप ने जसकरन पुत्र मैकू को गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी, बघौली पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार अभियुक्त को पुलिस ने घटना के कुछ ही देर बाद ही गिरफ्तार कर लिया हैं।
उक्त घटना को लेकर एसएचओ बघौली ने बताया परिजनों की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है, अभियुक्त पुलिस हिरासत में हैं, उससे पूछताछ की जा रही हैं, पूछताछ करने के बाद उसे जेल भेज दिया जायेगा। इस घटना से गांव में होली के रंग में भंग हो गया, पूरे गांव में मातम छा गया। होली की गुजिया का स्वाद फीका पड़ गया, परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। मृतक दूसरे राज्य में मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। परिजनों के सामने भरण पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता/अंकित वर्मा