शारदा नहर-पुल की टूटी रेलिंग गम्भीर हादसे को दे रही दावत, कई घटनाओं के बाद भी नहीं चेत रहे जिम्मेदार

कछौना, हरदोई। विभागीय अधिकारियों की खानापूर्ति व नागरिकों में जन समस्याओं की अनदेखी के चलते छोटी-छोटी जन समस्याएं बड़ी घटना का कारण बनती हैं। कोई अनहोनी घटना के बाद ही प्रशासन चेतता है।

कछौना चौराहे से गौसगंज संपर्क मार्ग पर डबल नहर कलौली शारदा नहर पुलिया की रेलिंग टूटी होने के कारण आए दिन लोग सीधे वाहन सहित नहर में चले जाते हैं। क्योंकि पड़ोस की नहर सुखी होने के कारण बड़ा हादसा नहीं घटता है, लेकिन राहगीर गंभीर रूप से चुटहिल हो जाते हैं। यहां पर तीव्र मोड़ होने व पुलिया संकरी होने के कारण बड़े वाहन वाले आए दिन पुलिया की रेलिंग तोड़ देते हैं। एक शारदा नहर में पानी का बहाव रहता है, दूसरी पड़ोस की नहर सूखी रहती है। एक तरफ की रेलिंग क्षतिग्रस्त होने के कारण टूट चुकी है। जिसकी ईंटे गायब हो चुकी हैं। रेलिंग क्षतिग्रस्त होने के कारण राहगीर सीधे नहर में गिरते हैं। इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में राहगीरों का आवागमन रहता है। स्कूल के वाहन, टैक्टर ट्रॉली, एम्बुलेंस का आवागमन रहता है। छः माह पूर्व सिंचाई विभाग ने रेलिंग का निर्माण कार्य कराया था, परंतु बड़े वाहनों के तीव्र गति से गुजरने के कारण पुलिया की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई। जिसका खामियाजा आम जनमानस को उठाना पड़ रहा है।

क्षेत्रीय विकास जन आंदोलन के संयोजक रामखेलावन कनौजिया ने इस पुलिया की रेलिंग का निर्माण कार्य, तीव्र मोड़ से पहले दोनों तरफ सूचना संकेतक रेडियम लगवाने की मांग जिला प्रशासन से की। जिससे आम नागरिक दुर्घटना का शिकार न हो। दुर्घटना से व्यक्ति जीवन भर के लिए विकलांग हो जाता है। यहां तक जीवन से हाथ धो बैठते है। जिसकी कीमत पूरे परिवार को जीवन उठानी पड़ती है। जलन समस्या के विषय में अधिशासी अभियंता आर०के० वर्मा ने बताया इस टूटी पुलिया की रेलिंग का निर्माण कार्य शीघ्र कराया जाएगा।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता