डीसीएम से कुचलकर जिला पंचायत सदस्य की मौत, एक किलोमीटर तक वाहन में फंसकर घिसटती गयी बाइक

  • कोतवाली मल्लावां कस्बे की घटना में हुई घटना ।
  • जानवरों से भरी डीसीएम ने बाइक को सामने से मारी टक्कर ।
  • मल्लावां तृतीय के जिलापंचायत सदस्य सुल्तान सिंह राजपूत निवासी बेरिया नजीरपुर की मौके पर मौत ।
  • दुर्घटना के बाद बाइक डीसीएम के अगले हिस्से में फंसी ।
  • एक किलोमीटर आगे डीसीएम खड़ी कर भाग गया ड्राइवर ।
  • पुलिस ने गाड़ी को अपने कब्जे में लिया  ।

हरदोई- एक तेज रफ्तार जानवर लदी डीसीएम से कुचलकर भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य की मौत हो गयी। डीसीएम के अगले हिस्से में फंसकर बाइक एक किलोमीटर तक घिसटती चली गयी जिसके बाद ड्राइवर वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया वहीं शव का पोस्टमार्टम कराया है।

          मल्लावाँ कस्बे के मोहल्ला सुभाष पार्क निवासी जिला पंचायत सदस्य भाजपा नेता सुल्तान सिंह राजपूत सोमवार की देर रात कोतवाली में खाना लेकर जा रहे थे । मोटरसाइकिल से मल्लावां चौराहे पर पहुंचे तभी उन्नाव की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही डीसीएम ने टक्कर मार दी । टक्कर इतनी जबरदस्त लगी कि लगभग 50 मीटर तक डीसीएम के साथ घिसटते चले गए और दर्दनाक मौत हो गई । टिफिन का खाना सड़क पर बिखर गया । मोटरसाइकिल डीसीएम में फंसी लगभग 1 किलोमीटर तक चली गई । डीसीएम चालक डीसीएम छोड़कर भाग गया।            

सूचना पर पहुंची पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया । वहीं डीसीएम को कब्जे में लेकर कोतवाली में लाकर खड़ा कर दिया । चालक फरार हो गया । परिजनों की तहरीर पर अज्ञात डीसीएम चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है । पुलिस ने बताया कि डीसीएम में गोवंश थे जिनको पुलिस ने रात में ही गोशाला में छुड़वा दिया । वहीं शव को कब्जे में लेकर रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । परिजनों को जैसे ही मौत की सूचना मिली कोहराम मच गया । मृतक के चार बच्चे हैं। बेरिया गांव निवासी सुल्तान सिंह राजपूत मोहल्ला सुभाष पार्क में मकान बनाकर काफी दिनों से रह रहे थे तथा यहीं रहकर परिवार के बच्चों को पढ़ा रहे थे ।