कछौना (हरदोई) : शुक्रवार की रात हरदोई सीतापुर मर्ग पर सिकरोहरी नहर पुल के पास दम्पति कार से घर जाते समय कार दम्पत्ति सहित नहर में गिर गई थी। पति किसी प्रकार से नहर से बाहर निकल आया था, परन्तु पत्नी को वह बाहर नहीं निकाल सका। स्थानीय नागरिकों द्वारा टड़ियावां पुलिस को हादसे की सूचना दी गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थानीय नागरिकों व गोताखोरों की मदद से महिला की सघन तलाश की परन्तु सफलता नहीं मिल सकी।
बताते चलें रविवार की सुबह कोतवाली कछौना के अंतर्गत मीडिया कर्मी पी०डी० गुप्ता को सूचना मिली कि शारदा नहर में भुलई खेड़ा गांव के पास एक महिला का शव तैरते हुए जा रहा है। मीडिया कर्मी ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों से जानकारी ली। दो किलोमीटर तक सघन तलाशी के बाद गौहानी पुल के पास महिला के शव को देखा, पूरे मामले की सूचना कोतवाली कछौना सहित उच्च अधिकारियों को दी। स्थानीय चरवाहों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
प्रभारी निरीक्षक हंसमती अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी हैं। महिला की पहचान आसमा (24) पत्नी तबरेज निवासी अहिरोरी के रूप में हुई। मिली जानकारी के अनुसार तबरेज पुत्र नसीम हरदोई में सिनेमा रोड़ के निकट एक मोबाइल कंपनी का रिपेयरिंग सेंटर चलाते हैं। वह शुक्रवार की रात अपनी कार से अपने गांव अहिरोरी पत्नी को छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान सिकरोहरी नहर पुल के पास हादसा हो गया था। जिसमें वह बाल-बाल बच गए लेकिन पत्नी को नहीं बचा सके थे। आसमा के भाई मोहम्मद रिहान पुत्र नूर हसन निवासी गोपामऊ ने पति तबरेज पर आरोप लगाया है, वह मेरी बहन को 5 लाख रुपये नकद व एक सोने की चेन की मांग कर आए दिन प्रताड़ित करते थे। इसी के चलते ससुरालीजनों ने उसकी हत्या कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता