कछौना(हरदोई): किसी ने सच ही लिखा है कि कोशिश हमेशा कामयाब होती है। निरंतर दौड़-भाग जिला प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री दरबार तक गुहार लगाने के बाद ग्रामीणों की सड़क बनवाने की मांग 5 साल बाद पूरी हुई है।
जय हिंद जय भारत मंच की मांग पर सड़क निर्माण का कार्य आरंभ हो गया है। जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर है। बताते चलें कि लखनऊ-हरदोई पलिया मार्ग से 1 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम सेमराकलां स्थित है जो कि दलित बाहुल्य ग्राम है एवं काफी जर्जर व गड्ढा युक्त हो गया था। ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। नौनिहाल, वृद्ध पुरुष, महिलाएं, बीमार मरीजों, गर्भवती महिलाओं को आवागमन में काफी दिक्कत उठानी पड़ती थी। कोई न कोई राहगीर इन गड्ढों की चपेट आने से चुटहिल हो जाता था।
ग्रामीणों की इस पीड़ा को समझते हुए *जय हिंद जय भारत मंच* के संयोजक सुरेंद्र पाल सिंह व क्षेत्र पंचायत सदस्य पति अंकित कुमार ने इस मार्ग का जीर्णोद्धार कराने का बीड़ा उठाया। इसके लिए ग्रामीणों के हस्ताक्षर कराकर एक पत्र जिला प्रशासन, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि व सांसद को दिया लेकिन कोई सार्थक जवाब नहीं मिला।
एक बार फिर जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की गयी । जिसमें जवाब अधिशासी अभियंता निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग बिलग्राम ने बताया कि इस मार्ग का निर्माण वित्तीय स्वीकृति प्राप्त होते ही कराया जाएगा लेकिन लंबी अवधि के बाद भी कार्य नहीं शुरू कराया गया। इसके बाद पुनः जनसुनवाई के माध्यम से शिकायत की गई जिसमें बताया गया कि यह मार्ग विशेष मरम्मत योजना के अंतर्गत स्वीकृत है। निविदा प्रक्रिया के बाद कार्य कराना संभव है। इसके बाद ग्रामीणों ने 5 सूत्रीय जन सूचना अधिकार अधिनियम के तहत विभाग से अभी तक इस मार्ग निर्माण न होने की जानकारी मांगी जिस पर प्रशासन हरकत में आया और अब इस मार्ग का निर्माण विशेष मरम्मत के तहत शुरू हो गया है। जिस निर्माण कार्य से ग्राम लालपुर, सेमरा कलां, बिबियापुर, सेमरा खुर्द, महमदपुर, समसपुर आदि ग्रामों के ग्रामीणों को राहत मिलेगी। परंतु इस मार्ग में टूटी पुलिया का निर्माण न होने पर ग्रामीणों में आक्रोश है जिससे हादसों की आशंका की संभावना बनी रहेगी। सड़क की बेहतर निर्माण की गुणवत्ता पर ग्रामीणों की पैनी नजर है। ग्रामीणों की 3 वर्षों से लगातार मेहनत रंग लाई। वहीं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका उदासीन रही। आखिर किसी ने सच ही लिखा है कि कोशिश करने वालों की हार नहीं होती है, सफलता अवश्य मिलती है।
रिपोर्ट- पी०डी० गुप्ता